पहली संतान बेटी होने पर महिला पुलिसकर्मियों को मिलेंगे 5 हजार

पहली संतान बेटी होने पर महिला पुलिसकर्मियों को मिलेंगे 5 हजार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-22 17:56 GMT
पहली संतान बेटी होने पर महिला पुलिसकर्मियों को मिलेंगे 5 हजार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बेटी बचाओ मुहिम को बढ़ावा देने के लिए अब मुंबई में तैनात महिला पुलिसकर्मियों की पहली संतान के रुप में बेटी पैदा होने पर उन्हें पांच हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रुप में दिए जाएंगे। यह रकम पुलिस कल्याण निधि से प्रदान की जाएगी। बेटियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत की गई है। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य को पूरा करने के लिए राज्य के पुलिस महानिदेशक सतीश माथुर ने महाराष्ट्र में ‘सुदृढ बालिका अनुदान योजना’ की शुरुआत की थी। राज्य के सभी जिलों की तरह अब यह योजना मुंबई में भी लागू होगी। मुंबई पुलिस आयुक्त दत्ता पड़सलगिकर पुलिस कल्याण निधि के जरिए इस योजना को लागू करेंगे।इस योजना के तहत पुलिस कांस्टेबल से लेकर अधिकारी स्तर की महिला पुलिसकर्मियों को पहली संतान बेटी होने पर पांच हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।

इसके साथ ही गर्भवती महिला पुलिसकर्मी को पोषक अहार भत्ता भी प्रदान किया जाएगा। यह भत्ता पहली बार गर्भवती होने वाली महिला पुलिसकर्मियों को दिया जाएगा, जिनके पहले से बच्चे हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।प्रोत्साहन राशि के लिए महिला को प्रसूती से पहले आवेदन करना होगा। पहली प्रसूति का प्रमाणपत्र नागपाडा पुलिस स्टेशन से लेना अनिवार्य होगा। बच्ची के जन्म व पहली प्रसूति के प्रमाणपत्र को दिखाकर पांच हजार रुपए की राशि प्राप्त की जा सकेगी।

तीन महीने में मिलेंगे नए बुलेट प्रूफ जैकेट

महाराष्ट्र पुलिस द्वारा लौटाई गए 1432 बुलेट प्रूफ जैकेट के बदले में नई जैकेट तीन महीने में देने का निर्देश संबंधित कंपनी को दिए जाएंगे। विधान परिषद में प्रदेश के गृह राज्य मंत्री रणजीत पाटील ने यह आश्वासन दिया। गुरुवार को सदन में कांग्रेस के सदस्य अनंत गाडगील ने नियम-93 के तहत बुलेट प्रूफ के दर्जे का मुद्दा उठाया था। इस पर पाटील ने कहा कि मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले के बाद 4614 बुलेट प्रूफ जैकेट को खरीदने की मंजूरी दी गई थी। इसके बाद कानपुर की कंपनी ने अलग-अलग 9 खेप में 4614 बुलेट प्रूफ जैकेट की आपूर्ति की थी। लेकिन चंडीगढ़ के केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के दौरान 1432 जैकेट मापदंड पर खरी नहीं उतर सकी। यह जैकेट एके-47 गोली परीक्षण में असफल रही। इस कारण महाराष्ट्र पुलिस ने निर्माता कंपनी को 1432 जैकेट लौटा दिए थे। पाटील ने कहा कि संबंधित कंपनी को वापस किए गए जैकेट के बदले नए जैकेट की आपूर्ति तीन महीने में करने का आदेश दिया जाएगा।

Similar News