नागपुर : सुबह से निकली तीखी धूप से 6.7 डिग्री चढ़ा पारा, मौसम से ठंडक गायब

नागपुर : सुबह से निकली तीखी धूप से 6.7 डिग्री चढ़ा पारा, मौसम से ठंडक गायब

Anita Peddulwar
Update: 2020-06-05 10:27 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शुक्रवार सुबह से ही सूर्यदेव अपना असर दिखाने के लिए निकल आए। जैसे-जैसे सूरज चढ़ रहा था वैसे-वैसे पिछले दिनों हुई बारिश का प्रभाव खत्म हो रहा था। देखते ही देखते धूप चुभने लगी और गर्मी का अहसास होने लगा। दोपहर होते-होते सूर्य ने तेवर दिखाए और पारा चढ़ने लगा। दिन में सूर्य के प्रभाव की वजह से 6.7 डिग्री सेल्सियस पारे में उछाल देखने को मिला। जिससे पारा उछलकर 36.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

पिछले दिनों हुई बारिश भयंकर गर्मी में छोड़ा सुकून दे गई। चक्रवात के साथ ही अन्य कारणों की वजह से हुई बारिश से अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही औसत तापमान में गिरावट आई। यही वजह है कि मानसून के पहले जून में गर्मी महसूस होना बंद हो गई थी। शुक्रवार शाम तक धूप निकलने की वजह से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। हालाकि दोपहर में बीच-बीच में बादलों की लुकाछिपी भी जारी रही। गर्मी की वजह से एकबार फिर पंखे कूलर और एसी शुरु हो गए। मौसम विभाग ने 9 जून तक नागपुर ही नहीं बल्कि विदर्भ में एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है।

इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 6.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़त होने की वजह से अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत तापमान से 5 डिग्री सेल्सियस कम है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़त होने की वजह से न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो औसत तापमान से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम है।

 

 

Tags:    

Similar News