फ्लाइट लेट होने पर स्पाइसजेट पर जुर्माना

फ्लाइट लेट होने पर स्पाइसजेट पर जुर्माना

Anita Peddulwar
Update: 2019-02-01 08:05 GMT
फ्लाइट लेट होने पर स्पाइसजेट पर जुर्माना

डिजिटल डेेस्क, नागपुर।  फ्लाइट्स की लेट-लतीफी पर कंज्यूरम फोरम ने स्पाइसजेट लिमिटेड कंपनी को फटकार लगाई।   उड़ान में देर होने  से परेशान दो यात्रियों की शिकायत पर फैसला देते हुए जिला ग्राहक शिकायत निवारण मंच ने स्पाइसजेट लिमिटेड कंपनी पर 55 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। हवाई यात्राओं के दौरान उड़ानों में देरी के बढ़ते मामलों के बीच उपभोक्ता फोरम ने उड्डयन कंपनियों को कड़ा संदेश दिया है। रसिक नशिने और उनकी पत्नी मिनौती नशिने की शिकायत पर  जिला ग्राहक शिकायत निवारण मंच अध्यक्ष शेखर मुले, सदस्य अविनाश प्रभुणे और दीप्ति बोबडे की बेंच ने यह आदेश जारी किया है। नशिने को 50 हजार रुपए मानसिक और शारीरिक परेशानी और 5 हजार रुपए बतौर मुकदमे के खर्च की प्रतिपूर्ति स्वरूप देने के आदेश जारी किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं की ओर से एड.सुरेंद्र खरबड़े ने पक्ष रखा।  

2016 का मामला
शिकायत थी कि 1 से 10 अप्रैल 2016 के बीत इस दंपत्ति ने पूर्वी भारत में पिकनिक मनाने का कार्यक्रम बनाया था। इसके लिए काफी पहले 2 जनवरी 2016 को उन्होंने मेक माय ट्रिप से स्पाइसजेट कंपनी के फ्लाइट टिकट बुक किए थे। उन्होंने बोगडोगरा से कोलकात्ता के लिए स्पाइसजेट कंपनी के फ्लाइट टिकट बुक कराए थे। बोगडोगरा से उनकी फ्लाइट दोपहर 2.25 बजे उड़ान भर कर दोपहर 3.45 बजे कोलकात्ता पहुंचना अपेक्षित था। इसके बाद उन्हें नागपुर आने के लिए शाम 5.55 बजे एक अन्य कंपनी की फ्लाइट पकड़नी थी।

निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार यह दंपत्ति तय समय पर बोगडोगरा विमानतल पर पहुंच गए। उन्हें फ्लाइट समय पर होने की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट पर हवाईयात्रा से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की, लेकिन इसके बाद उनकी फ्लाइट तय समय पर नहीं थी, 30 मिनट लेट थी। नशिने के पूछताछ करने पर तकनीकी खराबी को इसका कारण बताया गया। इसके बाद तीन घंटे तक फ्लाइट ने उड़ान नहीं भरी। अंतत: उन्हें कोलकात्ता विमानतल पहुंचने में शाम 9.05 बज गए। इससे उनकी नागपुर आने वाली फ्लाइट चूक गई। परेशान होकर उन्होंने उपभोक्ता फोरम की शरण ली थी।  

Similar News