भाजपा ने मनाया जश्न, आघाड़ी में मायूसी

नागपुर भाजपा ने मनाया जश्न, आघाड़ी में मायूसी

Anita Peddulwar
Update: 2022-06-30 05:10 GMT
भाजपा ने मनाया जश्न, आघाड़ी में मायूसी

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  उद्धव ठाकरे द्वारा बुधवार रात को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में उत्साह का वातावरण है। भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में जल्लोष किया। धरमपेठ में देवेंद्र फडणवीस के आवास के करीब भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने देर रात जल्लोष किया। 

इस दौरान देवेंद्र फडणवीस के समर्थन में नारे लगाए गए। ‘मी पुन्हा येईन’ जैसे नारे लगाए गए। इधर, तेजी से बदले घटनाक्रम के बाद महाविकास आघाड़ी के घटक दलों में निराशा है। हालांकि यह पहले से अपेक्षित था, लेकिन रात में मुख्यमंत्री द्वारा अचानक इस्तीफा देने से आघाड़ी के नेता इस पर बोलने से बचते दिखे। उधर, महाविकास आघाड़ी सरकार के आखरी दिन पालकमंत्री डॉ. नितीन राऊत, पशुसंवर्धन मंत्री सुनील केदार सहित अन्य बड़े नेता मुंबई में रहे। पालकमंत्री ने बुधवार को मुंबई से ही एक पत्र जिलाधिकारी को जारी कर नागपुर में ‘हर घर झंडा, घर-घर झंडा’ अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। पालकमंत्री के तौर पर डॉ. राऊत का यह जिलाधिकारी को आखिरी निर्देश साबित हुआ। इससे पहले विदर्भ वैधानिक विकास मंडल के पुनर्गठन का श्रेय भी लिया। फिलहाल राजनीतिक उठापटक के बीच सभी विधायक और बड़े नेता मुंबई में होने से किसी से संपर्क नहीं हो सका। 

अपने-अपने दावे : भाजपा के पिछले सत्ता कार्यकाल में देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री थे और चंद्रशेखर बावनकुले के पास ऊर्जा मंत्रालय था। कृष्णा खोपड़े अपनी जगह बनाने में चूक गए थे। लेकिन इस बार उनके समर्थक मौका मिलने का दावा कर रहे हैं। बावनकुले के समर्थक कार्यकर्ता भी दोबारा उन्हें ऊर्जा मंत्री मिलने की आस लगाए बैठे हैं। बड़ी बात यह है कि अभी तक सत्ता गठन का समीकरण बना नहीं है। लेकिन कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने अपने-अपने दावे करने शुरू कर दिए हैं। 

Tags:    

Similar News