गैंगस्टर पर फायरिंग करने वाला गिरोह पकड़ाया

गैंगस्टर पर फायरिंग करने वाला गिरोह पकड़ाया

Anita Peddulwar
Update: 2020-07-22 08:19 GMT
गैंगस्टर पर फायरिंग करने वाला गिरोह पकड़ाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी के प्रताप नगर क्षेत्र के गैंगस्टर गणेश मेश्राम और उसकी पत्नी प्रियंका मेश्राम पर कलमेश्वर में फायरिंग करने वाले प्रतिद्वंद्वी गिरोह के 10 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मेश्राम और उसकी पत्नी पर दूसरे गिरोह के मुखिया गोलू मलिये और उसके गिरोह ने फायरिंग कर उनकी हत्या का प्रयास किया। इस हमले में मेश्राम दंपति गंभीर रूप से जख्मी हैं। वारदात के बाद 24 घंटे के भीतर नागपुर ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस ने फायरिंग करने वाले गोलू और उसके गिरोह को धरदबोचा। कहा जा रहा है कि, मेश्राम दंपति पर हमला करने के लिए सुपारी दी गई। आरोपियों में कुछ आरोपी बाहर से बुलाए गए थे।  गणेश मेश्राम पर हमले के बाद शहर में बड़ी घटना होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। 

पंद्रह दिन पहले भी किया था हमला
पुलिस सूत्रों के अनुसार  गणेश मेश्राम पर उपराजधानी के थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गणेश का प्रताप नगर परिसर में काफी दबदबा था, लेकिन कुछ समय से वह परिवार के साथ कलमेश्वर स्थित निकेतन कॉलोनी में किराए से रहने लगा था। गोलू मलिये और गणेश के गैंग के बीच विवाद शुरू होेने के कारण गणेश कलमेश्वर में रहने चला गया था। करीब 15 दिन पहले गोलू ने गणेश पर हमला कर उसकी कार की तोड़फोड़ की थी।  उस समय भी गणेश की जान बच गई थी। इस मामले में भी प्रताप नगर  थाने में गोलू गैंग के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज है।  

गणेश का पता खोज निकाला  
शहर से  गणेश अचानक गायब होने पर गोलू परेशान हो गया। उसने गिरोह के सदस्य फारूख खान को गणेश का पता निकालने की जिम्मेदारी दी।  फारुख को पता चला कि, गणेश कलमेश्वर में किराए के मकान में रहता है। पश्चात गोलू गैंग ने गणेश पर हमला किया।

Tags:    

Similar News