नागपुर : दिव्यांग बनकर वृद्ध महिला को लूटा

नागपुर : दिव्यांग बनकर वृद्ध महिला को लूटा

Anita Peddulwar
Update: 2020-12-17 06:51 GMT
नागपुर : दिव्यांग बनकर वृद्ध महिला को लूटा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। धंतोली थाना क्षेत्र में दो आरोपियों ने एक वृद्ध महिला  को झांसा देकर उससे करीब 10.50 हजार रुपए के गहने लेकर फरार हो गए। पीड़ित महिला से एक आरोपी दिव्यांग बनकर मिला और भंडारा जाने के लिए 50 रुपए मांगे थे। महिला को उसकी स्थिति देखकर दया आ गई। इस बात का फायदा उठाकर दिव्यांग और उसके साथी ने महिला से गहने हासिल कर फरार हो गया। पीड़िता का नाम रेखा रंगराव चक्रपाणी है। घटना 14 दिसंबर को हुई।

लंगड़ते हुए आया 50 रुपए मांगने 
पुलिस सूत्रों के अनुसार जाटतरोड़ी, इंदिरा नगर, नागपुर निवासी रेखा रंगराव चक्रपाणी (60) ने धंतोली थाने में ठगी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। रेखा ने पुलिस को बताया कि वह सब्जी बेचती है। गत 14 दिसंबर को दोपहर करीब 1.15 बजे वह घर से हिंगना बहन के यहां जाने के लिए निकली। पैदल जाते समय नेताजी  मार्केट के पीछे नाग नदी नाले के पास एक 25 वर्षीय दीपक (परिवर्तित नाम) नामक युवक लंगड़ते हुए उनके पास आया। दीपक ने रेखा से 50 रुपए मांगे और कहा कि उसे भंडारा जाना है। मेरे पास पैसे कम हैं। रेखा ने दिव्यांग समझकर उस पर दया दिखाते हुए  50 रुपए दे दिए। इस बीच दीपक का दोस्त प्रवीण (परिवर्तित नाम) आ गया, उसने रेखा को नोटों का एक बंडल देकर उसे थैली में रखने को कहा। इस दौरान प्रवीण ने रेखा से पूछा कि अम्मा कहां जा रही हो, रेखा ने उन्हें अच्छा समझकर बता दिया कि वह हिंगना जा रही है। आरोपियों ने रेखा से कहा कि अम्मा आप अच्छे कार्य के लिए जा रही हो, तो  वर्धा रोड पर साईं मंदिर से दर्शन करके जाओ। इस बीच आरोपियों में से एक ने फोन करके ई-रिक्शा बुलाया और उसमें सवार होकर मंदिर की आेर निकल गए।  

ऐसे लगाया चूना
दोनों आरोपियों ने चलते ऑटो में रेखा से यह कहकर सोने के गहने निकलवा लिए, कि इन्हें  पहनकर मंदिर में नहीं जा सकते। उसने गहने उतारकर थैली में रख दिए। एक आरोपी ने रेखा को बातों में उलझाकर रखा और दूसरे ने थैली से सोने के गहने सहित करीब 10,500 रुपए का माल निकाल लिया। साईं मंदिर के पास रेखा को उतारकर दोनों आरोपी  वर्धा रोड की ओर निकल गए। रेखा ने हिंगना पहुंचकर थैली खाेलकर देखी, तो उसमें 501 रुपए और नोटों के बंडल में कोरे कागज निकले। रेखा की शिकायत पर धंतोली थाने के हवलदार प्रकाश ने धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूत्रों ने बताया कि धंतोली पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को यह भी शक है कि आरोपी दीपक ने दिव्यांग बनने का नाटक किया। ई-रिक्शा चालक की भी उसमें मिलीभगत होने का शक है। पुलिस ने नेताजी मार्केट से लेकर साईं मंदिर के पास छत्रपति चौक तक सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी मिल जाएंगे।
 

Tags:    

Similar News