संपत्ति विवाद में पुत्र ने ले ली जन्मदाता की जान

संपत्ति विवाद में पुत्र ने ले ली जन्मदाता की जान

Anita Peddulwar
Update: 2021-02-25 07:21 GMT
संपत्ति विवाद में पुत्र ने ले ली जन्मदाता की जान

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  एक पुत्र ने अपने पिता को संपत्ति विवाद के चलते मार डाला। पिता द्वारा पुश्तैनी मकान को बेचने की बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू था। इस विवाद के चलते पुत्र ने  पिता पर सब्बल (लोहे के रॉड) से सिर पर हमला कर  हत्या कर दी। मृतक शेख यूसूफ मेहबूब शरीफ (73) मोहम्मद अली चौक निवासी था। शेख यूसूफ की हत्या के आरोप में गणेशपेठ पुलिस ने उनके पुत्र शेख यूनुस (50) पर हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। शहर में तीन दिन के अंदर हत्या की यह तीसरी घटना है। इसके पहले वाठोड़ा क्षेत्र में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सोनेगांव में एक अपराधी की हत्या कर दी गई। शहर में एक बार फिर सिलसिलेवार हत्या की वारदातें होने से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

हत्या करने के बाद पहुंचा थाने 
आरोपी वेल्डिंग का काम करता है। वह बड़ा पुत्र है। छोटा भाई इस विवाद के कारण हसनबाग में रहने चला गया था। परिवार की चार बेटियां अपने घरों में रहती हैं। आरोपी पुत्र ने पिता को 2 महीने पहले ही घर से निकाल दिया था। बुधवार को सुबह करीब 11.30 बजे शेख यूसूफ अपने मकान के बाथरूम में लघुशंका करने गए। इस दौरान विवाद होने पर आरोपी ने पिता के सिर पर लोहे के रॉड से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। उसके बाद थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। गणेशपेठ थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक भारत क्षीरसागर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी शेख  यूनुस को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पिता शेख यूसूफ ने अपना पुश्तैनी मकान पड़ोसी को बेच दिया है। मकान 10 लाख में बेचने की बात कही जा रही है। यह जांच में पता चलेगा।

आरोपी ने मां को घर से निकाल दिया था
बड़ा बेटा शेख यूनुस पहले भूतिया दरवाजा के पास रहता था। दो महीने पहले जब उसे पता चला कि उसके पिता ने पड़ोसी को मकान 10 लाख में बेच दिया तब वह अपने परिवार के साथ रहने लगा। करीब दो माह पहले उसने मां को भी घर से निकाल दिया। उसकी मां अपनी बेटी के घर खरबी में रहती है। कुछ दिनों बाद आरोपी शेख यूनुस ने पिता को भी घर से निकाल दिया, वे भी अपनी बेटी के घर रहने लगे। बुधवार को सुबह करीब 11.30 बजे शेख यूसूफ घर की ओर गए। उन्हें लघुशंका आई तो वह बाथरुम में लघुशंका करने गए। उनके बाहर आते ही आरोपी ने विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी की एक बहन को जब पता चला तो वह भी आ गई। वह अपने पिता के मकान से कुछ दूरी पर रहती थी।

बहन के पहुंचने से पहले आरोपी ने पिता पर हमला कर उसे लहूलुहान छोड़कर थाने पहुंच गया था। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब तक शेख यूसूफ की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल से रॉड जब्त की। गणेशपेठ थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक भारत क्षीरसागर ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया।  घटना के बारे में मृतक शेख यूसूफ की बेटी रुख्साना परवीन भालदारपुरा निवासी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। गणेशपेठ पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। 
 

Tags:    

Similar News