नागपुर मनपा की सूची, पोर्टल पर बेड संख्या में बड़ा अंतर

नागपुर मनपा की सूची, पोर्टल पर बेड संख्या में बड़ा अंतर

Anita Peddulwar
Update: 2021-05-07 06:40 GMT
नागपुर मनपा की सूची, पोर्टल पर बेड संख्या में बड़ा अंतर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा ने कंट्रोल रूम बनाकर कोरोना उपचार में आ रही समस्याओं का निराकरण करने की शुुरुआत तो कर दी है। इसके बावजूद बेड की स्थिति काफी खराब थी। मरीजों को वेंटिलेटर्स बेड की कमी से जूझना पड़ा। शाम पांच बजे वेंटिलेटर वाला केवल एक ही बेड उपलब्ध था। मनपा द्वारा जारी सूची और मनपा के पोर्टल के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।

केवल एक वेंटिलेटर था खाली
गुरुवार की शाम 5 बजे मनपा द्वारा जारी सूची अनुसार वेंटिलेटर का केवल एक बेड उपलब्ध था। एक निजी अस्पताल में यह बेड उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। इसके अलावा वेंटिलेटर वाला दूसरा बेड कहीं नहीं था। ऐसे में जरूरतमंद मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा 112 आईसीयू बेड और 1112 ऑक्सीजन बेड उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। यह आंकड़े शाम 5 बजे तक के हैं।

पोर्टल पर उपलब्ध, कॉल पर नो बेड
शहर में निजी, सरकारी व अन्य केंद्रों पर कुल 7444 बेड की व्यवस्था है। इनमें नॉन ऑक्सीजन 227, ऑक्सीजन 4440, आईसीयू 2217 व 560 वेंटिलेटर बेड हैं। इसके बावजूद बेड के लिए मारामारी मची हुई है। मनपा द्वारा नियंत्रित पोर्टल पर सारी जानकारी दी जाती है। बेड कहां खाली है, इस पोर्टल पर जानकारी मिलती है। शुरुआत में मनपा द्वारा इस पोर्टल को पारदर्शी बताया जा रहा था। जब मरीज के परिजन पोर्टल का आधार लेकर संबंधित अस्पताल में कॉल करते हैं, तो उन्हें नो बेड बताया जाता है। आईसीयू और वेंटिलेटर के बेड का हाल आज भी वही है।

2.30 घंटे के बीच संख्या में बड़ा अंतर
मनपा के पोर्टल पर आंकड़े अलग दिखाए जा रहे हैं। इस पोर्टल पर ऑक्सीजन बेड 360, आईसीयू बेड 33 और वेंटिलेटर एक खाली होना बताया गया है। यह आंकड़े शाम 7.30 बजे तक के हैं। मनपा द्वारा जारी आंकड़े और पोर्टल के आंकड़े के बीच 2.30 घंटे का अंतर है। इन ढाई घंटे में ऑक्सीजन के बेड 752 घट गए और आईसीयू के बेड 79 कम हुए। पोर्टल पर ऑक्सीजन बेड 360 और आईसीयू 33 बेड दिखाए जा रहे थे।
 

Tags:    

Similar News