फरवरी में हो सकता है नागपुर मनपा चुनाव

अंतिम फैसला आना बाकी फरवरी में हो सकता है नागपुर मनपा चुनाव

Anita Peddulwar
Update: 2022-11-09 04:17 GMT
फरवरी में हो सकता है नागपुर मनपा चुनाव

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका का कार्यकाल 4 मार्च 2022 को समाप्त हो गया। उसके बाद महानगरपालिका पर प्रशासन नियुक्त किया गया है। आगामी फरवरी में मनपा का चुनाव हो सकता है।  मनपा चुनाव 3 सदस्यीय प्रभाग पद्धति से होंगे या 4 सदस्यीय, यह अभी तय नहीं है। महाविकास आघाड़ी सरकार के 3 सदस्यीय प्रभाग पद्धति से चुनाव कराने के फैसले को रद्द कर शिंदे-फडणवीस सरकार ने 4 सदस्यीय प्रभाग पद्धति से चुनाव कराने का निर्णय लिया था। उसे अदालत में चुनौती देने पर स्टे दिया गया। अंतिम फैसला अभी आना बाकी है।

दो बार हुई प्रभाग रचना 
महाविकास आघाड़ी सरकार ने पहले एक सदस्यीय प्रभाग पद्धति से चुनाव कराने का निर्णय लिया। गठबंधन में सहयोगी दलों के अंतर्गत विरोध के सामने एक सदस्यीय प्रभाग पद्धति बदलकर 3 सदस्यीय प्रभाग पद्धति से चुनाव कराने का फैसला लिया गया। दो बार प्रभाग रचना की गई। अक्टूबर-नवंबर में चुनाव होने के संकेत भी मिल रहे थे। इस बीच, राज्य में सत्ता परिवर्तन हो गया। शिंदे-फडणवीस की सरकार सत्ता में आई। उन्होंने सत्ता में आने पर सबसे पहले महाविकास आघाड़ी के निर्णय बदलने का बड़ा कदम उठाया। उसी में महानगरपालिका चुनाव 3 के बदले 4 सदस्यीय पद्धति से कराने का निर्णय लिया।

3 सदस्यीय प्रभाग रचना का प्रारूप तैयार : महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में 3 सदस्यीय प्रभाग रचना पूरी कर ली गई। निर्वाचन आयोग ने उसे अंतिम मंजूरी भी प्रदान की है। आरक्षण भी तय हो चुका है। सरकार 4 सदस्यीय प्रभाग पद्धति चाहती है, इस पेंच में चुनाव लटक गया है।

शीतसत्र के बाद चुनाव के कयास
नागपुर में 19 दिसंबर से विधान मंडल का शीतसत्र शुरू हो रहा है। उससे पहले चुनाव की घोषणा होने की कोई संभावना नहीं है। शीतसत्र के बाद चुनाव होने के राजनीतिक जानकार कयास लगा रहे हैं। चुनाव का सामना करने के लिए राजनीतिक दल तैयारी में डटे हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार है। 

दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं
3 सदस्यीय प्रभाग रचना का प्रारूप और आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उसके बाद निर्वाचन आयोग से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले। इसलिए प्रक्रिया वहीं थमी हुई है। 
-महेश धामेचा, सहायक आयुक्त,  मनपा निर्वाचन कक्ष

Tags:    

Similar News