नागपुर का मौसम : 13.8 डिग्री पर पारा, ठंड का जोर फिर भी कम

नागपुर का मौसम : 13.8 डिग्री पर पारा, ठंड का जोर फिर भी कम

Anita Peddulwar
Update: 2020-12-03 05:38 GMT
नागपुर का मौसम : 13.8 डिग्री पर पारा, ठंड का जोर फिर भी कम

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  नागपुर में तापमान में गिरावट के बावजूद ठंड का असर कम होता दिख रहा है । बुधवार को भले ही तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है, लेकिन फिलहाल ठंड पर अभी उत्तरी-पूर्वी हवाओं का पहरा है। कयास लगाया जा रहा है कि श्रीलंका के पास एक चक्रवात बन रहा है। ऐसे में उत्तरी और पूर्वी हवाओं का मिश्रण हो रहा है और उसका ही असर है कि अभी ज्यादा ठंड नहीं है। बुधवार को दिन में अच्छी धूप खिली हुई थी। इस कारण अधिकतम तापमान में बढ़त देखने को मिली, पर मामूली। दिन और रात के तापमान में बुधवार को 17.3 डिग्री सेल्सियस का अंतर बना हुआ है।

तापमान
अधिकतम : बुधवार को 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़त होने से अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। 

न्यूनतम
2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो औसत तापमान से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

एक्स्ट्रा नॉलेज
ठंड या गर्मी का अहसास मुख्य रूप से यह उस स्थान की नमी (आर्द्रता), हवा की गति और उच्चतम तथा निम्नतम तापमान के अंतर पर निर्भर करता है। अगर नमी कम हो तो हम वास्तविक तापमान की तुलना में ज्यादा ठंड महसूस करते हैं। हमारा पसीना शरीर को ठंडा रखने और वर्तमान तापमान को कायम रखने का प्रयास करता है। अगर हवा में 100 प्रतिशत सापेक्ष नमी है तो हवा पसीने का भाप नहीं बना पाएगी। ऐसे में हम ज्यादा गर्मी महसूस करते हैं। 100 प्रतिशत सापेक्ष नमी का मतलब है, जलवाष्प से हवा का संतृप्त (सैचुरेटेड) होना। ऐसी हवा में और अधिक जलवाष्प नहीं समा सकता। ऐसे में बारिश की संभावना बनती है। 

ऐसे समझें
अगर हवा का तापमान 75 डिग्री फॉरेनहाइट (24 डिग्री सेल्सियस) है और सापेक्ष नमी शून्य प्रतिशत है तो हमारा शरीर यह तापमान 69 डिग्री फॉरेनहाइट (21 डिग्री सेल्सियस) महसूस करेगा। लेकिन अगर सापेक्ष नमी 100 प्रतिशत है, तो हमें यही तापमान 80 डिग्री फॉरेनहाइट (27 डिग्री सेल्सियस) लगेगा। सापेक्ष नमी 45 प्रतिशत रहती है, तो तापमान सहज रहता है।

Tags:    

Similar News