सड़क पर उतर आए एक हजार ट्रेक्टर, राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ ने किया शक्ति प्रदर्शन

सड़क पर उतर आए एक हजार ट्रेक्टर, राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ ने किया शक्ति प्रदर्शन

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-18 14:07 GMT
सड़क पर उतर आए एक हजार ट्रेक्टर, राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ ने किया शक्ति प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, नरसिंहपुर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय में अपनी किसानों एवं मजदूरों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर जबर्दस्त शक्ति प्रदर्शन किया गया । लगभग एक हजार  की संख्या में ट्रेक्टर लेकर पहुंचे किसानों द्वारा स्थानीय जनपद पंचायत मैदान में एक सभा की तथा रैली निकालकर 21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। सैकड़ों की संख्या में ट्रेक्टरों के जिला मुख्यालय पहुंचने से प्रशासनिक व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गईं तथा यातायात की स्थिति अराजक हो गई।

राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ द्वारा पूर्व घोषित जिला स्तरीय इस आयोजन की लंबे समय से तैयार की जा रही थी, संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य गांव-गांव संपर्क करके किसान एवं मजदूरों को संगठित कर रैली में भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे थे। इसके परिणाम मंगलवार को देखने मिले। रैली में जिले भर से लगभग एक हजार ट्रेक्टर पहुंचे।

शासन की नीतियों की आलोचना
स्थानीय जनपद पंचायत मैदान पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने शासन की किसान विरोधी नीतियों की जमकर आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य न मिलने से वह कर्ज में डूब रहा है। किसानों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार किसानों को प्रताडि़त कर रही है। 5-10 हजार के ऋणी किसान को डिफाल्टर घोषित किया जा रहा है जबकि पूंजीपतियों को सरलता से ऋण देकर माफ भी किया जा रहा है।

ये रहीं मुख्य मांगे
राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के ज्ञापन में मुख्य रूप से ये मांग हैं । कृषि उपज का लागत के आधार पर डेढ़ गुना लाभकारी मूल्य दिया जाये। कृषि उपज को खरीदने की गारंटी प्रदान की जाये। किसानो को समस्त प्रकार के कर्जा से मुक्त किया जाये। तेलंगाना सरकार की तर्ज पर किसानों को 10 हजार प्रति एकड़ कृषि प्रोत्साहन राशि दी जाये। 18 घंटे बिजली मिले, जंगली जानवरों के द्वारा नष्ट हुई फसल का मुआवजा दिया जाये। पारिवारिक बटवारे में स्टाम ड्यूटी समाप्त की जाये। किसान मजदूर को 60 वर्ष की आयु से पेंशन दी जाये। जो फसल अभी नष्ट हो गई है उसका मुआवजा दिया जाये, खेत सड़क योजना के तहत किसानों के खेत के लिये रोड बनाई जाये। 
 

 

Similar News