पंजाब कांग्रेस अंतर्कलह: प्रियंका से मिले सिद्धू, अब राहुल के बुलावे का इंतजार

पंजाब कांग्रेस अंतर्कलह: प्रियंका से मिले सिद्धू, अब राहुल के बुलावे का इंतजार

Bhaskar Hindi
Update: 2021-06-30 06:07 GMT

डिजिचल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में चल रहे सियासी संकट के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में विधायक नवजोत सिंह सिद्धू ने आज (बुधवार) दिल्ली में प्रियंका गांधी से उनके आवास पर लंबी मुलाकात की। सिद्धू ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक फोटो शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी है। इस मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी भाई राहुल से मिलने उनके आवास पहुंची हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि सियासी झगड़े को दूर करने के लिए राहुल आज सिद्धू को मिलने के लिए बुला सकते हैं। 

 

बीते दिन खबर थी कि नवजोत सिंह सिद्धू की राहुल गांधी, प्रियंका गांधी से मुलाकात हो सकती है। लेकिन, खुद राहुल गांधी ने ही साफ किया कि उनकी कोई मीटिंग नहीं है। बुधवार को भी राहुल, प्रियंका के दफ्तरों की ओर से किसी मीटिंग को नकारा गया था, लेकिन इन सबसे इतर बुधवार सुबह प्रियंका और नवजोत सिंह सिद्धू की मुलाकात हुई।

आपको बता दें इससे पहले ये खबर आ रही थी कि सिद्धू दिल्ली पहुंचे जरूर हैं पर राहुल गांधी से मुलाकात नहीं हुई है। खुद राहुल गांधी के हवाले से ये खबर थी कि सिद्धू की उनसे कोई मुलाकात नहीं हुई। इस खबर के कुछ ही देर बाद ये तस्वीर पोस्ट कर सिद्धू ने साफ कर दिया कि राहुल गांधी से न सही प्रियंका गांधी से उनकी मुलाकात जरूर हुई है। 

क्यों खास है सिद्धू का दिल्ली दौरा?
पंजाब में सियासी घमासान के बीच सिद्धू का ये दिल्ली दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। पंजाब में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। ऐसे में दिल्ली पहुंचे सिद्धू के दिल्ली दौरे पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। खबर ये भी है कि पिछले कई  दिनों से सिद्धू अपने लिए पद की मांग कर रहे हैं जबकि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ये साफ कर चुके हैं कि वो सिद्धू की किसी मांग के आगे झुकने तैयार नहीं है। यही वजह है कि सिद्धू को सीधे आलाकमान का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है। इस बीच ये अटकलें भी लगती रही हैं कि सिद्धू आम आदमी का दामन थाम सकते हैं। ऐसे में सिद्धू का ये दिल्ली दौरा बेहद खास हो जाता है। 

Tags:    

Similar News