वृद्धाश्रम में नर्स से छेड़छाड़, जानिए नागपुर शहर की अहम वारदातें

वृद्धाश्रम में नर्स से छेड़छाड़, जानिए नागपुर शहर की अहम वारदातें

Anita Peddulwar
Update: 2021-04-22 08:33 GMT
वृद्धाश्रम में नर्स से छेड़छाड़, जानिए नागपुर शहर की अहम वारदातें

डिजिटल डेस्क, नागपुर ।  वृद्धाश्रम में कार्यरत डॉक्टर के खिलाफ अजनी थाने में छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। डॉक्टर पर आरोप है कि, उसने अभद्र व्यवहार कर नर्स के साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता 19 वर्षीय नर्स है, जबकि आरोपी सुनील वर्गीस (40) है। दोनों अजनी थानांतर्गत वृद्धाश्रम में  मंगलवार की रात ड्यूटी पर थे। बताया जाता है कि, पीड़िता अपने कमरे में सोई हुई थी, तभी मौका पाकर डॉक्टर ने कमरे में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। शोर-शराबा सुनकर वृद्धाश्रम में हंगामा खड़ा गया। मामला थाने पहुंचा। पीड़िता की शिकायत पर डॉक्टर के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया। जांच जारी है।

बैंक प्रबंधक के घर से गहने व नकदी चोरी
बैंक प्रबंधक के बंगले के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अज्ञात चोरों ने गहने व नकदी सहित करीब 5 लाख 10 हजार रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना 20 अप्रैल को रात करीब 9.30 से 10.15 बजे के बीच हुई। 
परिवार बिहार गया है : पुलिस सूत्रों के अनुसार तुलसी नगर, काली माता मंदिर निवासी कृष्णा शामसुंदर झा (30) इंडसइंड बैंक में प्रबंधक हैं। कृष्णा झा का परिवार बिहार गया हुआ है। 

भाई के यहां खाना खाने गए थे : वे घटना वाले दिन अपने भाई  के घर भोजन करने मुदलियार चौक, शांतिनगर गए थे। भाई उनके बंगले से कुछ दूरी पर रहता है। करीब 45 मिनट बाद जब कृष्णा  झा वापस घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। चोर उनके बंगले में प्रवेश कर अलमारी से सोने-चांदी के गहने व नकद 50,000 रुपए सहित करीब 5.10 लाख रुपए का माल चुरा ले गए। कृष्णा   झा ने घटना की शिकायत शांतिनगर थाने में की। धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

ठेकेदार ने की फांसी लगाकर खुदकुशी
जरीपटका क्षेत्र में एक ठेकेदार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक राजेश खांडेकर (52) है। राजेश निर्माणकार्य के ठेके लिया करता था। लॉकडाउन में उसका कामकाज ठप पड़ गया था। पुलिस के अनुसार  रिपब्लिकन नगर, न्यू इंदोरा निवासी राजेश खांडेकर ने बुधवार को सुबह 7 बजे के करीब रसोईघर में लकड़ी की बल्ली को दुपट्टा बांधकर फांसी लगाई। पत्नी सपना के रोने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग जमा हुए। पश्चात जरीपटका पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर  पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के िलए शासकीय अस्पताल भेजा। आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया।

सोशल मीडिया पर विवाद के बाद युवक को लूट लिया
डिजिटल डेस्क, नागपुर । सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने से उपजे विवाद के बाद युवक के साथ हाथापाई कर उसे लूट लिया गया। नंदनवन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

इंस्टाग्राम पर हुई बहस : पीड़ित गुलमोहर नगर निवासी तनिशसिंह सुरेशसिंह (18) है। तनिश का इंस्टाग्राम पर अकाउंट है। तनिश ने इंस्टाग्राम पर कोई मैसेज पोस्ट किया था। जिस पर फैजान शेख अनवर शेख (21), निकालस मंदिर रोड, इतवारी निवासी ने जवाब दिया। फैजान का कहना था कि, इस पोस्ट से उसकी भावनाएं आहत हुई हैं। इस बात को लेकर तनिश व फैजान के बीच फोन पर शाब्दिक विवाद हुआ।

फोन कर बुलाया तो लूट लिया
मंगलवार को दोपहर 2.45 बजे तनिश ने फोन कर फैजान को हिवरी नगर में शांतिनाथ अपार्टमेंट के पास मिलने के लिए बुलाया। फैजान अपने मित्र सलमान शेख अजीज शेख (24), शास्त्री नगर निवासी के साथ मिलने गया। वहां विवाद के बाद तीनों के बीच हाथापाई हो गई। 

सोने-चांदी की अंगूठी छीन ली
आरोप है कि, इस दौरान फैजान और सलमान ने तनिश की सोने और चांदी की अंगूठी छीन ली। अंगूठी की कीमत साढ़े सात हजार रुपए बताई गई है। तनिश की शिकायत पर फैजान और सलमान को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच जारी है। 
 


 

Tags:    

Similar News