कुपोषण से मुक्ति के लिए बनेंगे 'न्यूट्रिशन स्मार्ट विलेज' : शिवराज

कुपोषण से मुक्ति के लिए बनेंगे 'न्यूट्रिशन स्मार्ट विलेज' : शिवराज

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-23 03:27 GMT
कुपोषण से मुक्ति के लिए बनेंगे 'न्यूट्रिशन स्मार्ट विलेज' : शिवराज

डिजिटल डेस्क,भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि मध्यप्रदेश से कुपोषण के कलंक को दूर करना है। इसके लिए प्रदेश के हर विकासखंड में न्यूट्रिशन स्मार्ट विलेज बनाया जाएगा। सीएम ने कहा कि प्रदेश को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए काम करें। प्रदेश में इसके लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है। हम उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से लक्ष्य को हासिल करेंगे। 

दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान न्यूट्रिशन स्मार्ट विलेज को लेकर आयोजिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। सीएम ने कहा कि प्रदेश की विकास दर लगातार दहाई अंकों में है। कृषि विकास दर देश में सर्वाधिक है। प्रति व्यक्ति आय भी लगातार बढ़ रही है। विकास का लाभ आम आदमी तक जब तक नहीं पहुंचता तब तक विकास बेमानी है। विकास का लाभ गरीबों और बच्चों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना होगा। राज्य सरकार ने बच्चों के लिए कई योजनाएं बनाई हैं। मेधावी बच्चों की उच्च शिक्षा में दिक्कत नहीं आए, इसके लिए मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना बनाई है। बच्चे प्रदेश और देश का भविष्य हैं। बेहतर योजनाओं के साथ बेहतर क्रियान्वयन की आवश्यकता है।
 
महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनीस ने कहा कि प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में एक-एक न्यूट्रिशन स्मार्ट विलेज का चयन कर लिया गया है। इस बार बेहतर काम करने वालों को दीनदयाल पोषण पुरस्कार दिया जाएगा। प्रदेश की सभी आंगनबाड़ियों में पीने के पानी की व्यवस्था कर दी गई है। सभी आंगनबाड़ियों में सौर ऊर्जा से विद्युत व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान जबलपुर के संचालक अनुपम मिश्र ने न्यूट्रिशन स्मार्ट विलेज की परिकल्पना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 विभागों के समन्वय से इसे क्रियान्वित किया जाएगा। मध्यप्रदेश इसे शुरू करने वाला पहला प्रदेश है।

Similar News