खेलते-खेलते खिड़की से गिरा डेढ़ साल का बच्चा, मौत

 खेलते-खेलते खिड़की से गिरा डेढ़ साल का बच्चा, मौत

Anita Peddulwar
Update: 2020-07-24 10:14 GMT
 खेलते-खेलते खिड़की से गिरा डेढ़ साल का बच्चा, मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  नंदनवन क्षेत्र में मकान की पहली मंजिल से नीचे गिरे एक डेढ़ वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक का नाम मन्वये  देवेंद्र पौनिकर है।  घटना के समय मन्वये अपनी दादी, उसका बड़ा भाई और एक मजदूर के बेटे साथ घर में खेल रहा था। देवेंद्र मकान की खिड़की को ग्रिल लगाने वाले थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण मजदूर नहीं मिल रहे थे। पुलिस के अनुसार प्लाट नं.-4, शेष नगर, हुड़केश्वर निवासी देवेंद्र पौनिकर का डेढ़ वर्षीय बेटा मन्वये का खेलते समय हाथ अचानक खिड़की की स्लाइडिंग को लगा और स्लाइडिंग  सरकते ही मन्वये खिड़की से  करीब 10-12 फीट नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद परिजन तत्काल मन्वये को मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नंदनवन थाने के उप-निरीक्षक थोरवे ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।

सट्टा-पट्टी अड्डे पर छापा तीन लोग गिरफ्तार
गिट्टीखदान क्षेत्र के शिवाजी चौक परिसर में चल रहे सट्टा-पट्टी अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर 3 सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया। अपराध शाखा पुलिस विभाग के सामाजिक सुरक्षा दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर शिवाजी चाैक, गौरखेड़े कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाले मार्ग पर एक शेड के भीतर चल रहे सट्टा-पट्टी अड्डे पर छापा मारा। शेड में कल्याण नामक सट्टा-पट्टी संचालित हो रही थी। कार्रवाई में आरोपी विजय उर्फ विक्की गेडाम, हजारी पहाड़, वायुसेना नगर, बौद्ध विहार के पास गिट्टीखदान, श्रीकांत मारवे,  जुनी मंगलवारी, गंगाबाई घाट रोड और  सनी गौरखेड़े, हजारी पहाड़, निवासी को पुलिस ने धरदबोचा। तीनों आरोपी सट्टा-पट्टी का आंकडा लिखते हुए नागरिकों से खायवाड़ी कर रहे थे। आरोपियों से नकद 2420 व अन्य सामग्री सहित करीब 10,660 रुपए का माल जब्त किया गया। 

फांसी लगाने वाले व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत
एमआईडीसी क्षेत्र में एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब 10 दिन तक चले उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक का नाम बंडू महादेव पुंड है। खुदकुशी का कारण अज्ञात है। पुलिस के अनुसार जयताला, एमआईडीसी निवासी बंडू पुंड ने 12 जुलाई को शाम करीब 4.30 बजे घर में सीलिंग पंखे में नायलॉन की रस्सी बांधकर फांसी लगाई। फंदे पर लटका देखकर परिजनों ने उसे नीचे उतारा और सीधे लता मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 22 जुलाई की शाम को बंडू ने दम तोड़ दिया। एमआईडीसी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।

Tags:    

Similar News