सीएम फडणवीस की ऑडियो क्लिप को लेकर एकजुट हुआ विपक्ष

सीएम फडणवीस की ऑडियो क्लिप को लेकर एकजुट हुआ विपक्ष

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-27 14:24 GMT
सीएम फडणवीस की ऑडियो क्लिप को लेकर एकजुट हुआ विपक्ष

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पालघर लोकसभा उपचुनाव में साम, दाम, दंड और भेद का इस्तेमाल करने संबंधी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ऑडियो क्लिप को लेकर विपक्ष एकजुट हो गया है। रविवार को कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस, बहुजन विकास आघाड़ी और माकपा के नेताओं ने चुनाव निर्णय अधिकारी से मुख्यमंत्री के ऑडियो क्लिप को लेकर शिकायत की है। कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा है, "हमने चुनाव आयोग को दोनों ऑडियो क्लिप सौंपी हैं। मुख्यमंत्री ने चुनाव में कितने लोगों को दाम और दंड दिया है। इसकी जांच करके चुनाव आयोग को मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।"

मीडिया से बातचीत में सावंत ने कहा कि ऑडियो क्लिप में मुख्यमंत्री ने जिस तरीके की भाषा का उपयोग किया है। यह अशोभनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। सावंत ने कहा, "उपचुनाव में आचार संहिता का पालन करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की है। प्रदेश के मुखिया होने के नाते उन्हें आचार संहिता पालन करने का आदर्श लोगों के सामने प्रस्तुत करना चाहिए। लेकिन उनसे ही आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे सामने यह सवाल है कि मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से प्रदेश की जनता आखिर उनसे क्या संदेश ले।" सावंत ने कहा कि अच्छा हुआ है कि ऑडियो क्लिप सामने आई है। इससे स्पष्ट हुआ है कि प्रदेश को दादागिरी करने वाला मुख्यमंत्री मिला है और उनका लोकतंत्र के बारे में कितना उच्च विचार है। यह भी जनता को पता चल गया है।

सावंत ने कहा कि साम, दाम, दंड और भेद की भाषा किस पारदर्शी शब्दकोष से कूटनीति से जोड़ी जा सकती है। कूटनीति लोकतंत्र में कब से स्वीकार हुई है। मुख्यमंत्री को इसका जवाब देना चाहिए। सावंत ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा सत्ता और धन का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग कर रही है। अनाधिकृत होर्डिंग लगाए गए हैं। मतदाताओं को पैसे बांटने के आरोप में भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई है। ऑडियो क्लिप से यह निष्कर्ष निकलता है कि मुख्यमंत्री के आदेश से यह सब हो रहा है।

Similar News