मुंबई से शिर्डी के लिए बनाया जाएगा पालखी मार्ग, पैदल जाने वाले भक्तों की यात्रा होगी आसान

मुंबई से शिर्डी के लिए बनाया जाएगा पालखी मार्ग, पैदल जाने वाले भक्तों की यात्रा होगी आसान

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-03 13:37 GMT
मुंबई से शिर्डी के लिए बनाया जाएगा पालखी मार्ग, पैदल जाने वाले भक्तों की यात्रा होगी आसान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई से अहमदनगर के शिर्डी के साईबाबा मंदिर में दिंडी लेकर जाने वाले पैदल भक्तों के लिए जल्द ही स्वतंत्र पालखी मार्ग बनाया जाएगा। प्रदेश के सार्वजनिक निर्माण कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटील ने मुंबई से शिर्डी तक पालखी मार्ग के लिए विकास प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साईभक्तों की तरफ से स्वतंत्र पालखी मार्ग बनाने के लिए लगातार मांग उठ रही थी। इसके मद्देनजर बीते दिनों शिर्डी के श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश हावरे ने पाटील से मुलाकात की। बैठक में पाटील ने सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को विकास प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए पालखी मार्ग पर हर 15 किमी अंतर पर भक्तों के लिए आवास और स्वच्छता गृह की सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके बाद साईबाबा ट्रस्ट के अध्यक्ष हावरे ने कहा कि पालखी मार्ग बनाने के लिए संस्थान की तरफ से हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि नए पालखी मार्ग से मुंबई से शिर्डी जाने वाले साईबाबा के भक्तों की यात्रा सुलभ होगी। साईबाबा के दर्शन के लिए लाखों भक्त शिर्डी जाते हैं। जिसमें मुंबई से दिंडी लेकर शिर्डी तक पैदल जाने वाले भक्तों की संख्या काफी है। सभी भक्त मुंबई- आगरा मार्ग और घोटी-शिर्डी मार्ग से पालखी लेकर शिर्डी तक जाते हैं पर महामार्गों पर यातायात के लिए अधिक भीड़ होने के कारण कई बार हादसे होते हैं। इन हादसों में साईभक्तों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। इस कारण मुंबई से पैदल शिर्डी जाने वाले भक्तों के लिए स्वतंत्र पालखी मार्ग तैयार करने की मांग लंबे समय से उठ रही है।

Similar News