पैरा तैराक कंचनमाला पांडे को राष्ट्रीय दिव्यांग पुरस्कार

पैरा तैराक कंचनमाला पांडे को राष्ट्रीय दिव्यांग पुरस्कार

Anita Peddulwar
Update: 2018-11-21 05:56 GMT
पैरा तैराक कंचनमाला पांडे को राष्ट्रीय दिव्यांग पुरस्कार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर की पैरा तैराक कंचनमाला पांडे सहित महाराष्ट्र के छह व्यक्तियों और तीन संस्थाओं को राष्ट्रीय दिव्यांग पुरस्कार- 2018 घोषित हुआ है। 3 दिसंबर को विश्व विकलांग दिवस के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों यह पुरस्कार दिया जाएगा। हमारे दिल्ली ब्यूरो के अनुसार केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर दिए जाने वाले इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए विभिन्न 14 श्रेणियों में देशभर से 69 व्यक्तियों और 10 से अधिक संस्थाओं का चयन हुआ है। इनमें वर्ल्ड पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर भारत की पहली तैराक बनी नेत्रहीन कंचनमाला पांडे को खेल क्षेत्र में उसके योगदान को देखते हुए सर्वश्रेष्ठ महिला दिव्यांग खिलाड़ी का राष्ट्रीय पुरस्कार घोषित हुआ है ।

नाशिक के स्वयं पाटील को उत्कृष्ट सृजनशील बालक की श्रेणी में पुरस्कार मिला है। इस पुरस्कार के लिए देश भर से दिव्यांग व्यक्तियों के लिए वेबसाइट बनाने वाली दो ही संस्थाओं को चुना गया है, वह दोनों ही संस्थाएं महाराष्ट्र की हैं।  इनमें पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका और पुणे स्थित मॉडर्न कॉलेज शामिल है। इसके अलावा तीसरी संस्था मुंबई के वरली सिफेस इलाके में स्थित नैब एम्प्लायमेंट को दिव्यांगों को रोजगार उपलब्ध कराने वाली संस्था का पुरस्कार घोषित हुआ है।

"विदर्भ गौरव पुरस्कार-2018" 24 को
कृषि विकास प्रतिष्ठान की ओर से स्व. माणिकलाल गांधी की स्मृति में विदर्भ क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्ति विशेष को प्रतिवर्ष एक लाख नकद व सम्मानचिह्न देकर विदर्भ गौरव पुरस्कार से नवाजा जाता है। शनिवार 24 नवंबर की शाम 5.40 बजे शंकरनगर स्थित धनवटे सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीयमंत्री नितीन गडकरी, पूर्व न्यायमूर्ति विकास शिरपुरकर व पूर्व सांसद अजय संचेती की उपस्थिति में इस वर्ष का "विदर्भ गौरव पुरस्कार-2018" करगिल युद्ध के प्रमुख व परमविशिष्ट सेवा पदक प्राप्त लेफ्टिनेंट जनरल राजेंद्र निंभोरकर को दिया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों से उपस्थित रहने की अपील डा. गिरिश गांधी, श्रीराम काले, सोमेश्वर पुसतकर आदि ने की है।

Similar News