पवार बड़े हैं, उनके बोलने पर गुस्से का सवाल ही नहीं

पवार बड़े हैं, उनके बोलने पर गुस्से का सवाल ही नहीं

Anita Peddulwar
Update: 2021-07-13 10:22 GMT
पवार बड़े हैं, उनके बोलने पर गुस्से का सवाल ही नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर ।  राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के बयान पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि, पवार देश के नेता हैं। मेरे से बड़े हैं। उनकी तुलना में मैं काफी छोटा हूं। लिहाजा, उनके बोलने पर किसी तरह के गुस्से का सवाल नहीं है। एक दिन पहले पवार ने पटोले के बारे में कहा था कि, वह छोटे हैं उनके बारे में क्या कहें। सोमवार को उसी बयान पर पटोले ने पत्रकारों को जवाब दिया। विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर उन्होंने दावा किया कि, महाविकास आघाड़ी के तय फार्मूले के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष कांग्रेस का ही होगा। उन्होंने कहा कि, भाजपा के नेतृत्व की सरकार के बारे में उन्होंने कहा था कि, वे जहां जाते हैं उनकी निगरानी की जाने लगती है।

आघाड़ी सरकार के बारे में उन्होंने इस तरह से कुछ नहीं कहा है। आघाड़ी में तीन दल शामिल हैं। प्रत्येक को अपनी पार्टी को बढ़ाने की स्वतंत्रता है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी शिवसैनिकों से चुनाव तैयारी में जुटने का आह्वान किया है। इसका आशय यह नहीं है कि, महाविकास आघाड़ी में कुछ अलग चल रहा है। सभी राजनीतिक दल संगठनात्मक ताकत बढ़ाने का प्रयास करते रहते हैं। इसके लिए 5 साल तक इंतजार करने की आवश्यकता नहीं रहती है। वर्ष भर काम चलते रहता है। संगठन मामले में  हमारी रात 3 बजे तक बैठकें चलती रहती हैं।

फडणवीस को बोलने का अधिकार नहीं
पटोले ने कहा कि, फडणवीस को उनके मामले में बोलने का अधिकार नहीं है। फडणवीस मुख्यमंत्री थे तब मेरी निगरानी की जाती थी। फोन टेप किए जाते थे। रावसाहब दानवे व संजय काकड़े के साथ वही किया गया, इसलिए विधानसभा में हमने फोन टेपिंग की जांच करने की मांग की। ऊर्जामंत्री नितीन राऊत के िदल्ली दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि, राऊत, कांग्रेस एससी सेल के अध्यक्ष हैं। बैठकों के सिलसिले में वे अक्सर दिल्ली जाते रहते हैं। उनके दिल्ली दौरे का अलग आशय लगाने की आवश्यकता नहीं है। 


 

Tags:    

Similar News