राहुल गांधी की सभा को लेकर कल आएगी एसपीजी, 2 अक्टूबर को शांति मार्च

राहुल गांधी की सभा को लेकर कल आएगी एसपीजी, 2 अक्टूबर को शांति मार्च

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-25 08:11 GMT
राहुल गांधी की सभा को लेकर कल आएगी एसपीजी, 2 अक्टूबर को शांति मार्च

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सेवाग्राम में 2 अक्टूबर को शांति मार्च का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक तो तय है पर बैठक के बाद हाेने वाली सभा को लेकर अभी कुछ तय नहीं हाे पाया है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली एसपीजी बुधवार तक आएगी। एसपीजी ही सभास्थल के बारे में निर्णय ले सकती है। यह अवश्य बताया जा रहा है कि वर्धा के महात्मा गांधी पुतला से सर्कस मैदान तक पद यात्रा निकालने की भी योजना है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की कार्यसमिति बैठक के लिए बापू कुटी परिसर के शांति भवन के पास के सभागृह, अभियांत्रिकी महाविद्यालय काे भी पर्याय के तौर पर चुना गया है। 

बैठक को लेकर  कांग्रेस के क्षेत्रीय नेताओं ने परिसर का जायजा लिया। कांग्रेस के महासचिव अशोक गहलोत, कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण, पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार, कांग्रेस महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष चारुलता टोकस व अन्य नेताओं ने परिसर का दौरा किया। पूर्व मंत्री रणजीत कांबले के आवास पर नेताओं ने कार्यक्रम नियोजन के बारे में चर्चा की। विविध जिलों से कांग्रेस के पदाधिकारी चर्चा में शामिल हुए थे। उनमें नागपुर से शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे, जिला अध्यक्ष राजेंद्र मुलक, प्रदेश महासचिव रामकिशन ओझा, उमाकांत अग्निहोत्री, प्रफुल गुडधे, रवींद्र दरेकर, अतुल लोंढे, विशाल मुत्तेमवार, अभिजीत वंजारी, अनंत घारड शामिल थे। 

संभावित कार्यक्रम 
राहुल गांधी 2 अक्टूबर को ही दौरे के लिए दिल्ली से रवाना होंगे। सबसे पहले वे दिल्ली में राजघाट जाएंगे। उसके बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय विमानतल के लिए रवाना होंगे। उनके साथ पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह भी होंगे। चार्टर विमान से नागपुर पहुंचेंगे। यहां से हेलिकाप्टर से सेवाग्राम जाएंगे। बापूकुटी में प्रार्थना होगी। कांग्रेस के प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। उसके बाद पदयात्रा व जनसभा होगी। शाम को ही दिल्ली लौट जाएंगे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने वर्धा से लोकसभा चुनाव की तैयारी की शुरुआत करने की योजना बनायी है। 2 अक्टूृबर को महात्मा गांधी की जयंती पर शांतिमार्च का आयोजन किया जा रहा है।। सेवाग्राम आश्रम में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में इसी कार्यक्रम के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का आगमन होगा।

Similar News