तेज हवा के साथ हुई बारिश , नागपुर समेत विदर्भ का तापमान गिरा

तेज हवा के साथ हुई बारिश , नागपुर समेत विदर्भ का तापमान गिरा

Bhaskar Hindi
Update: 2019-06-08 16:06 GMT
तेज हवा के साथ हुई बारिश , नागपुर समेत विदर्भ का तापमान गिरा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शनिवार शाम नागपुर शहर और जिले में हुई तेज बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। आंधी व तेज हवा में दर्जनों पेड़ धराशायी हो गए। कई मकानों की छतें उड़ गई। वर्धा रोड राहटे कॉलोनी में धराशायी हुए पेड़ के नीचे दबकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


धूल-मिट्‌टी उड़ने से राह से गुजरना मुश्किल
शनिवार शाम को अचानक चली तेज हवा से सड़क  से धूल, मिट्टी उड़ने लगी। आंधी के साथ उड़ रही धूल-मिट्टी से आवाजाही प्रभावित होने लगी। वाहन चालकों व राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया। तेज हवा के कारण वाहन आगे बढ़ने के साथ ही लोग लहरा रहे थे। कुछ समय तक चली तेज हवा व आंधी के बाद हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवा के साथ हुई बारिश से एक के बाद एक शहर में दर्जनों पेड़ जमींदोज हो गए। मनपा के नेहरू नगर जोन में पेड़ गिरा, हालांकि अवकाश होने से कोई अनहोनी नहीं हुई। वर्धा रोड राहटे कॉलोनी में धराशायी हुए पेड़ के नीचे रोहित गावंडे नामक युवक दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आटोवालों ने उसे निकाला और अस्पताल में भर्ती किया। तुरंत मदद मिलने से उसकी जान बच गई। मिनीमातानगर, उमरेड रोड, शांतिनगर घाट व वाठोडा में कई जगह पेड़ धराशायी हो गए। 

कई जगह उड़ी टीन की छतें
हवा इतनी ज्यादा तेज थी कि मकान से छत उड़ गई। योगेश्वरनगर दिघोरी में मनोज पडोले के मकान की टीन की छत उड़ गई। परिवार के सभी सदस्यों के नीचे तल मंजिल पर होने से अनहोनी टल गई। अंबानगर दिघोरी में उत्तम चांदेकर के दो मंजिला इमारत की छत उड़ गई। जो टीने दीवारों में रही, वह टेड़ी मेढ़ी हो गई। पहले मंजिल पर कोई नहीं रहता, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। टीन उड़ने के साथ ही कमरे में दीवार के टुकटे भी गिरे पड़े थे। इसी परिसर में सुरक्षा दीवार के तौर पर लगाई गई टीने भी तेज हवा में उड़ गई। पेड़ गिरने व टीन के शेड व छतें उड़ने का सिलसिला शहर में जगह-जगह दिखाई दिया। 


तापमान में गिरावट दर्ज
इधर तेज हवा, आंधी व बारिश के बाद तापमान में जबरदस्त कमी आ गई है। नागपुर समेत पूरे विदर्भ के तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को जहां नागपुर का अधिकतम तापमान 46.7 था, वहीं शनिवार को तापमान गिरकर 43.2 डिग्री हो गया। नागपुर समेत पूरे विदर्भ के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी तेज हवा व आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। तापमान 43 डिग्री तक रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे तक तापमान में ज्यादा वृध्दि होने की संभावना नहीं है। बारिश होने के बाद शहरवासी गर्मी से राहत महसूस कर रहे थे। काफी दिनों के बाद शहरवासियों को शनिवार रात को ठंडी हवा का एहसास हुआ।


देर शाम तक जुटी रही मनपा की टीम
दमकल विभाग के अनुसार तेज हवा व आंधी के कारण कई जगह पेड़ धराशायी हुए हैं। दमकल की टीमें घटनास्थल जाकर बचाव व राहत कार्य में लगी हैं। पेड़ गिरने से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि पेड़ गिरने से यातायात जरूर प्रभावित हुआ है। उद्यान विभाग की टीम पेड़ हटाने व रास्ते पर पड़े पेड़ों को काटने में लगी है। कई जगह पेड़ काटने के बाद ही रास्ता क्लियर हो सका। दमकल व उद्यान विभाग की टीम रात तक राहत कार्य में लगी रही।

 

 

 

 

Tags:    

Similar News