नहीं चल पाया मोदी-शाह का मैजिक, गढ़ बचाने में सफल रहे कमलनाथ

नहीं चल पाया मोदी-शाह का मैजिक, गढ़ बचाने में सफल रहे कमलनाथ

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-12 08:07 GMT
नहीं चल पाया मोदी-शाह का मैजिक, गढ़ बचाने में सफल रहे कमलनाथ

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। लोकसभा चुनाव के लिहाज से भाजपा ने छिंदवाड़ा को टारगेट पर रखा था। सत्ता के सेमीफाइनल में ही वह छिंदवाड़ा की सातों सीट पर कब्जे के मंसूबे के साथ प्रचार अभियान में जुटी हुई थी। पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस सहित अन्य स्टार प्रचारकों की फौज प्रचार में उतारी गई। बावजूद इसके मंगलवार को परिणाम खुले तो भाजपा जिले में अपनी पुरानी सीट बचाना तो दूर खाता भी नहीं खोल पाई। वहीं भाजपाई दिग्गजों से अकेले भिड़े कमलनाथ अपना गढ़ बचाने में सफल रहे। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिला मुख्यालय में सभा की। जिले भर से लोगों की भीड़ जुटाने के साथ जीत का संदेश पहुंचाने की कोशिश की गई थी। इसके अलावा मोदी मैजिक का लाभ लेने आसपास जिलों को भी सभा में आमंत्रित किया था। अकेले मोदी ही नहीं भाजपा प्रमुख अमित शाह ने भी पांढुर्ना में सभा की थी। चुनाव से चंद दिनों पहले जनआशीर्वाद यात्रा लेकर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रचार के दौरान भी तीन विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं कर गए थे। प्रचार में कोई कसर न छोड़ते हुए संतरांचल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी सभाएं की। इसी तरह सौंसर सीट पर फडणवीस और गडकरी बेअसर साबित हुए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष व भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी और सांसद प्रहलाद पटेल की सभाएं हुईं।

तीखे हमलों के साथ घिर गए थे कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ अपने गढ़ में तीखे हमलों के साथ भाजपाई दिग्गजों से घिर गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने अंदाज में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कमलनाथ पर भी तीखा हमला किया था। उन्होंने छिंदवाड़ा मॉडल सहित राज दरबारी कहकर भी संबोधित किया था। भाजपा के अन्य दिग्गजों व स्टार प्रचारकों ने भी खूब हमले किए। कमलनाथ ने अकेले ही इसका मुकाबला किया। हर भाषण में 38 साल के रिश्तों की दुहाई और विकास की बात कही और सातों सीटों के साथ अपना गढ़ बचा लिया। कांग्रेस की ओर से नवजोत सिंह सिद्धू ने पांच सभाएं ली तो महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने एक सभा की। पूरा चुनाव कमलनाथ विरूद्ध भाजपा रहा।

यहां आए भाजपा के दिग्गज
मोदी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिला मुख्यालय छिंदवाड़ा में सभा की थी। जिले भर से भीड़ जुटाकर सातों प्रत्याशियों को मंच पर खड़ा कर जिताने का आग्रह किया। 
शाह: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पांढुर्ना में सभा की थी। यहां कांग्रेस सबसे ज्यादा 21 हजार 349 मतों से जीती। भाजपा 2013 में महज डेढ़ हजार के अंतर से इस सीट से हारी थी।
गडकरी-फडणवीस: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सौंसर में सभाएं की। मजबूत माने जा रहे नानाभाऊ मोहोड़ को नहीं जिता पाए।
मनोज तिवारी: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष व भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने कोयलांचल में सभा की। सांसद प्रहलाद पटेल भी पहुंचे लेकिन जीत नहीं दिला पाए।

Similar News