इंदौर में बोले पीएम मोदी- इस शहर ने सफलता की नई कहानी लिखी है

इंदौर में बोले पीएम मोदी- इस शहर ने सफलता की नई कहानी लिखी है

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-22 12:11 GMT
इंदौर में बोले पीएम मोदी- इस शहर ने सफलता की नई कहानी लिखी है

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मध्यप्रदेश दौरे में राज्य को कई अरबों की योजनाओं की सौगात दी है। राजगढ़ में जहां उन्होंने मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना का लोकार्पण के साथ तीन पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं इंदौर में भी शहरी विकास महोत्सव में उन्होंने कई शहरी विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के पुरस्कार भी वितरित किए। सीएम शिवराज, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे। राजगढ़ और इंदौर दोनों ही जगह पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की शिवराज सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने इस दौरान केन्द्र सरकार की चार साल की उपलब्धियां भी गिनाईं।

05.00 PM : इंदौर में पीएम मोदी ने शहरी विकास महोत्सव में जनसभा को संबोधित किया।

यह बोले पीएम मोदी :

  • इंदौर शहर में आज जो सफलता की कहानी लिखी गई है उसके पीछे इस शहर की जनता की जीवटता, सहयोग की भावना और शहर के प्रति अपनापन सबसे बड़ा कारण रहा है। इंदौर शहर की सफलता का इतिहास जनभागीदारी की सफलता का इतिहास है।
  • बीते चार वर्षों में देश में शहरों और गांवों को मिलाकर 8 करोड़ 30 हजार से ज्यादा शौचालयों का निर्माण किया गया है।
  • बापू की 150 वीं जन्म जयंती पर स्वच्छ भारत का सपना, अब बहुत दूर नहीं। ये सपना पूरा होगा और हम सब मिलकर इसे पूरा करेंगे।
  • मध्य प्रदेश में भी 65 लाख से ज्यादा शौचालय बने हैं। ये प्रयास एक बड़ी वजह हैं कि मध्य प्रदेश के सभी शहर खुद को खुले में शौच से मुक्‍त घोषित कर चुके हैं
  • हमारी सरकार नई सोच, नई अप्रोच के साथ शहरों के लिए 5 बड़ी योजनाओं पर काम कर रही है। इसमें स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, स्‍मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना और दीनदयाल राष्‍ट्रीय शहरी आजीविका मिशन शामिल हैं
  • अमृत योजना के तहत देश के शहरों में पीने के पानी से लेकर सीवेज की सुविधाएं जुटाने का काम तेज़ गति से चल रहा है। मध्य प्रदेश के 34 शहरों में इस योजना के तहत 6 हजार करोड़ की योजनाएं जारी हैं
  • MP के शहरी क्षेत्र में पीने के पानी से लेकर सीवेज और ट्रांसपोर्ट और कूड़ा प्रबंधन से जुड़ी लगभग 800 करोड़ की योजनाओं का आज लोकार्पण किया गया। इसमें इलेक्ट्रिक बसों जैसी स्मार्ट ट्रांसपोर्ट से जुड़ी कुछ व्यवस्थाएं भी शामिल हैं
  • मुझे खुशी है कि आज मध्य प्रदेश के शहरों में रहने वाले मेरे एक लाख से अधिक बेघर भाई-बहनों का अपने घर में गृह-प्रवेश हुआ। जिन-जिन भाई-बहनों के घर का सपना आज सच हुआ है उनको मेरी बहुत-बहुत बधाई। आपके लिए ये घर सुखी और समृद्ध जीवन की बुनियाद बनें, यही मेरी कामना है।
  • हमारे देश में आवास योजनाएं पहले भी बनी हैं, लेकिन वो कैसी थीं ये आप सभी भली भांति जानते हैं। योजना के नामकरण से लेकर, लाभार्थियों के चयन, मकान बनाने की गति और आवंटन तक क्या-क्या होता था ये सब कांग्रेस के इतिहास के पन्नों में दर्ज है।
  • हमने ये संकल्प लिया कि साल 2022 में देश जब आजादी के 75 वर्ष का पर्व मनाएगा तब तक हर बेघर को घर देने का प्रयास किया जाएगा। लेकिन 2014 में जब आपने NDA सरकार को अवसर दिया तो एक नई अप्रोच के साथ हमने काम शुरु किया। 
  • पिछले 4 वर्षों में यूपीए के 10 वर्षों की तुलना में 3 गुना से अधिक मकान स्वीकृत किए गए।
  • बीते चार वर्ष में लगभग 1 करोड़ 15 लाख घरों का निर्माण किया जा चुका है। इसमें पुरानी सरकार के लटके हुए प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं। 
  • ये सरकार गरीबों के साथ-साथ मध्यम वर्ग के घर की भी चिंता कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मध्यम वर्ग को भी घर बनाने के लिए ब्याज दरों में छूट दी जा रही है।
     

04.30 PM : पीएम मोदी ने शहरी विकास महोत्सव में कई योजनाओं का शुभारंभ किया।

03.30 PM : पीएम मोदी इंदौर पहुंचे।

01:45 : पीएम नरेंद्र मोदी ने राजगढ़ में जनसभा को संबोधित किया।

मध्य प्रदेश में राजगढ़ जिले के मोहनपुरा गांव में सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

 

पीएम मोदी ने कहा....

  • आपने शिवराज को पद दिया है, लेकिन वे एक सेवक की तरह राज्य की सेवा कर रहे हैं।
  • किसानों को उनकी फसल की उचित कीमत दिलाने के लिए देशभर के ऑनलाइन बाजारों से जोड़ा जा रहा है।
  • पिछली सरकार मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य कहती थी।
  • कभी मध्य प्रदेश की स्थिति ऐसी थी कि उसके साथ एक अपमानजनक शब्द जोड़ दिया गया था- बीमारू
  • मध्य प्रदेश में 85 लाख से अधिक लोगों को मुद्रा योजना के तहत उद्योग के तहत लोन दिया गया है।
  • मध्य प्रदेश में 40 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया जा चुका है।
  • प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत मध्य प्रदेश को 1400 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
  • पिछली सरकारों ने मालवा की धरती को खूब लूटा है।
  • यह इस देश का दुर्भाग्य रहा है कि एक परिवार का महिमा मंडन करने के लिए देश के अनेक सपूतों को और उनके योगदान को छोटा कर दिया गया।
  • पानी की कठिनाई माताएं-बहनें जितनी समझती हैं, शायद कोई और नहीं समझता।
  • शिवराज सिंह के शासन में मध्य प्रदेश ने विकास की नई गाथा लिखी है।
  • एक समय था जब मालवा की धरती पर धन-धान्य और पानी की कोई कमी नहीं रही थी।
  • मेरा सौभाग्य है कि मुझे आज चार हजार करोड़ की मोहनपुरा सिंचाई परियोजना के लोकर्पण के साथ-साथ पानी की तीन बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करने का भी अवसर मिला : पीएम मोदी
  • हम आशा और विश्वास के आधार पर आगे बढ़ने वाले लोग हैं।
  • देश पर लंबे समय तक जिस दल ने शासन किया, उसने लोगों की मेहनत पर भरोसा नहीं किया।

 

01:40 PM : मध्य प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजगढ़ में मोहनपुरा सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया।

01:20 PM : मध्य प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोहनपुरा सिंचाई परियोजना का उद्घाटन करने के लिए राजगढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद।

पीएम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
पीएम मोदी सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर नई दिल्ली से रवाना हुए। दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर वह भोपाल विमानतल पहुंचे। इसके बाद दोपहर 12.15 बजे विमानतल से हेलीकाप्टर से रवाना होकर वह राजगढ़ के मोहनपुरा डेम हेलीपेड पर दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर पहुंचे। दोपहर एक बजे वह मोहनपुरा में आयाजित कार्यक्रम में शामिल हुए। 1 से 2 बजे तक वह मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना के लोकार्पण समारोह में रहे। इसके बाद दोपहर सवा दो बजे पीएम मोहनुपरा से हेलीकाप्टर से रवाना होकर 03.15 बजे इंदौर विमानतल पहुंचें। पीएम मोदी 3 बजकर 45 मिनट से 5 बजकर 15 मिनट तक इंदौर के नेहरू स्टेडियम में शहरी विकास महोत्सव व स्वच्छ-सर्वेक्षण-2018 पुरस्कार समारोह में शामिल हुए। शाम 6 बजे वह कार्यक्रम स्थल से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

पीएम का चुनाव से पहले अहम दौरा
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ये दौरा खासा अहम माना जा रहा है। विपक्षी दल पीएम मोदी पर चुनाव को देखते हुए अधूरी योजनाओं का उद्घाटन करने का आरोप भी लगा रहे हैं। ऐसे में ये देखना होगा कि पीएम के इस दौरे का विधानसभा चुनाव में कितना असर देखने को मिलता है।

 

 

Similar News