आतंक मचाने वालों को पुलिस ने दबोचा, मामूली बात पर हमला

आतंक मचाने वालों को पुलिस ने दबोचा, मामूली बात पर हमला

Anita Peddulwar
Update: 2021-05-11 07:55 GMT
आतंक मचाने वालों को पुलिस ने दबोचा, मामूली बात पर हमला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अजनी इलाके के न्यू बाबूलखेड़ा परिसर में गुंडों के गिरोह ने डेढ़ घंटे तक जमकर आतंक मचाया। पथराव कर सात वाहनों को तोड़-फोड़ दिया। पथराव में एक युवक की आंख जख्मी हो गई। यह शंभरकर गिरोह बताया गया है। अजनी पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

एक युवक की आंख में लगी चोट
शंभरकर गिरोह की करतूत : पुलिस के अनुसार न्यू बाबूलखेड़ा भीम ज्योति बौद्ध विहार निवासी केतन शंभरकर ने 9 मई की रात करीब 10 बजे अपने साथी मयूर बनकर  (21), बंटी उर्फ  निशांत बनकर (20), सूरज उर्फ इल्ली विजय गजभिये (28), कुणाल बनकर (28), न्यू बाबूलखेड़ा, भीमज्योति बौद्ध विहार,  अक्की उर्फ  अक्षय श्रावण ग्वालवंशी (34), आइसोलेशन अस्पताल, इमामवाड़ा और योगेश सोनवणे (28), जयभीम नगर निवासी के साथ मिलकर बस्ती में आतंक मचाया। 

पथराव में युवक हुआ जख्मी
गिरोह के लोग बस्ती के लोगों कोे बस्ती खाली करने के लिए कह रहे थे। शोर शराबा सुनकर अनिकेत बनकर नामक युवक घर से बाहर निकला, तो आरोपियों ने उस पर पथराव कर दिया, जिससे उसकी एक आंख जख्मी हो गई। सभी आरोपी घातक शस्त्रों से लैस थे। शस्त्र लहराते हुए गुंड़ों ने 5 दोपहिया वाहन, एक तीन सीटर ऑटो और एक कार पर पथराव कर कांच फोड़ दिए। 

पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
घायल अनिकेत बनकर की शिकायत पर अजनी थाने के उप-निरीक्षक ठाकुर ने आरोपियों के खिलाफ धारा 143, 145, 147, 148, 149, 427, 324 व सहधारा 4, 25, 7 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों पर इसके पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी है

युवकों पर किया सशस्त्र हमला
 एक अन्य घटना में  तीन युवकों पर सशस्त्र हमला कर उनकी हत्या का प्रयास किया गया। घायलों के नाम दीपक सिद्धार्थ सहारे  (23),  रवि गोपाल कांबले  (24)  और राजू शाहू (32) है। दीपक और उसके मित्र रवि कांबले पर तलवार और गुप्ती से वार किया गया, जबकि  राजू के गले में चाकू से वार उसकी हत्या का प्रयास किया गया। घायलों को मेयो अस्पताल में  उपचारार्थ भर्ती कराया गया है। घटनाएं कपिल नगर और धंतोली थाना क्षेत्र में हुईं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

समता नगर : बाइक तेज चलाने पर टोका था 
पुलिस के अनुसार 9 मई को रात करीब 9.30 बजे समता नगर में फेब्रिकेशन दुकान के सामने नाले के पास रितिक उर्फ  दंद्या उर्फ जंगखाया विशाल नागदेवते (22),  समता नगर निवासी तेज गति से बाइक चला रहा था। इस दौरान दीपक सहारे  और उसके दोस्त रवि कांबले, निवासी समता नगर ने रितिक को बाइक धीरे चलाने के िलए कहा। इस बात पर रितिक झल्ला उठा और फोन कर अपने भाई ऋषि (19),  रवि व अन्य तीन साथियों को मौके पर बुला लिया। पश्चात रितिक और उसके साथियों ने रवि कांबले और दीपक पर तलवार और गुप्ती से हमला कर उनकी हत्या का प्रयास किया। घायल दीपक और रवि का मेयो अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। कपिल नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रितिक को गिरफ्तार किया है।  

प्रियंका वाड़ी झोपड़पट्टी : गले में घोंपा चाकू
तीसरा घटना में प्रियंका वाड़ी झोपडपट्टी निवासी राजू उर्फ चोखा गणेश शाहू (बेनितारा, छग निवासी है)  अपने मित्र कमलेश बोरकर, शहजाद अंसारी, सुरेंद्र वर्मा के साथ 8 मई को रात करीब 11.30 बजे राजेश निशाद  (24) के घर के सामने बैठकर बातचीत कर रहा था। राजेश को लगा कि, राजू उसके बारे में बातें कर रहा है। इस शक के चलते राजेश ने पीछे से आकर राजू के गले में चाकू घोंपकर उसकी हत्या का प्रयास किया। घायल राजू की शिकायत पर धंतोली पुलिस ने राजेश निशाद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। संबंधित थानों की पुलिस मामले में जांच कर रही है

पुलिस नायब सिपाही से मारपीट, तोड़ा मोबाइल
एक और घटना में कपिलनगर क्षेत्र  के शेंडे नगर में एक नायब सिपाही से मारपीट कर उसका मोबाइल तोड़ने का मामला सामने आया है। 5 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है।  पुलिस सूत्रों के अनुसार, 9 मई को पुलिस नियंत्रण कक्ष से कपिल नगर थाने के नायब सिपाही जयशील नंदेश्वर को सूचना मिली कि कुछ युवक चैतन्य अपार्टमेंट के सामने शेंडे नगर में हंगामा कर रहे हैं। नंदेश्वर पता करने अकेले वहां पहुंचे।

आरोपी प्रफुल उर्फ  दादू छोटू दमाहे  (19) शेंडे नगर, प्लाट नं. 17,   कुणाल उर्फ  काला केशव पाटील  (21) शेंडे नगर,  सागर गजानन पाल  (23)  शेंडे नगर टेका नाका, वैभव उर्फ  बब्या हरीश भैसारे (20) शेंडे नगर प्लाट नं 15, श्याम उर्फ  छोटू विजय पांडे  (20)  मानव नगर प्लाट नं 09 टेका ,  सतीश  गजानन पाल व  उसके 3 अन्य साथी को नंदेश्वर ने थाने चलने के लिए कहा। गुस्साए आरोपी साथ देने के बजाय नंदेश्वर से भिड़ गए। हाथापाई और मारपीट करने लगे। सिपाही नंदेश्वर का आरोप है कि आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया। किसी तरह थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर आरोपी प्रफुल उर्फ  दादू  दमाहे, कुणाल उर्फ  काला  पाटील, सागर पाल, वैभव उर्फ  बब्या भैसारे और श्याम उर्फ  छोटू पांडे  को गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।  

Tags:    

Similar News