पुलिस का सिपाही कर रहा था हथियारों की तस्करी

पुलिस का सिपाही कर रहा था हथियारों की तस्करी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-23 08:26 GMT
पुलिस का सिपाही कर रहा था हथियारों की तस्करी

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। देश की सुरक्षा को दांव पर लगाकर एके 47 राइफलों की तस्करी के मामले में पुलिस ने मुंगेर बिहार पुलिस के एक सिपाही को भी गिरफ्तार किया गया है। इस सिपाही ने सक्रिय रूप से तस्करी में लिप्त होकर देश के दुश्मनों तक एके 47 राइफल पहुंचाई थी । इस संबंध में बताया गया है कि सीओडी से एके 47 राइफलों की चोरी एवं तस्करी के मामले में पुलिस ने एक सिपाही धर्मवीर को गिरफ्तार किया है। धर्मवीर भी एके 47 मामले से जुड़ा हुआ था तथा उसकी तलाश का काम भी जोर शोर से किया जा रहा था। सिपाही को मुंगेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसको पुलिस लाइन से पकड़ा गया है। धर्मवीर के बारे में जानकारी मिली है कि वह भी हथियारों की तस्करी में शामिल था और उसने भी कई एके 47 राइफलें अपराधियों को बेचीं हैं। एके 47 मामले में एक दर्जन से अधिक आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। पटना एसपी  मनु महाराज ने सिपाही धर्मवीर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। यह गिरफ्तारी उस पुलिस लाइन से हुई है जहां पर हाल ही में विद्रोह हुआ था और यहां के जवानों को बर्खास्त कर दिया गया था। महिला सिपाही को छुट्टी न देने के कारण बीमारी से हुई मौत के बाद यहां पर पुलिस कर्मियों ने विद्रोह कर दिया था। खगडिय़ा के रहने वाले धर्मवीर के हथियार तस्करों से  संबंध पाए गए हैं। मुंगेर से पकड़े गए इमरान, शमशेर, नियाजुल आदि ने भी एक सिपाही का जिक्र किया था।

और राइफलें बरामद होने की संभावना
अब तक 20 एके 47 राइफलों के साथ इसके करीब 5 सौ पुर्जे भी बरामद हो चुके हैं। पकड़े गए सिपाही से अब और राइफलें बरामद होने की संंभावना बन गई है। उल्लेखनीय है कि हथियारों की तस्करी में शामिल लोगों में जबलपुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें मुंगेर ले जाकर पूछताछ की गई थी। इस मामले में एनआईए भी जाँच कर रही है और इसी सिलसिले में जाँच  दल पिछले कई हफ्तों से मुंगेर में डेरा डाले हुए है।

 

Similar News