पद्मश्री से नवाजे गए बाबूलाल दाहिया -जैव-विविधता की धरोहर सहेजने पर राष्ट्रपति ने प्रदान किया अलंकरण

पद्मश्री से नवाजे गए बाबूलाल दाहिया -जैव-विविधता की धरोहर सहेजने पर राष्ट्रपति ने प्रदान किया अलंकरण

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-12 08:11 GMT
पद्मश्री से नवाजे गए बाबूलाल दाहिया -जैव-विविधता की धरोहर सहेजने पर राष्ट्रपति ने प्रदान किया अलंकरण

डिजिटल डेस्क,सतना। जैव-विविधता की धरोहर को सहेजने वाले किसान एवं साहित्यसेवी बाबूलाल दाहिया को सोमवार के दिन राष्ट्रपति भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित किया गया। दाहिया को यह उपलब्धि उनके द्वारा सवा सौ से भी अधिक तरह की देशी धान, गेहूं के पारम्परिक देशी बीजों को सम्हाल कर रखने के लिए प्रदान किया गया है। यह महत्वपूर्ण सम्मान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा प्रदान किया गया। इस मौके पर भारत रत्न, पद्म विभूषण तथा पद्म श्री सम्मान के लिए देश भर से चयनित महत्वपूर्ण विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। पिथौराबाद गांव के बाबूलाल दाहिया इन्हीं में से एक हैं। पद्म पुरस्कारों के लिए चयनित विभूतियों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कर दी गई थी। यह सम्मान देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान में गिना जाता है जो विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वालों को दिए जाते हैं।  तीन श्रेणियों के   ये सम्मान कला, सामाजिक कार्य, जन कल्याण, सरकारी क्षेत्र, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, मेडिसिन, साहित्य, शिक्षा, खेल और सिविल सेवा आदि क्षेत्रों में दिए जाते हैं।

करते हैं इस तरह की खेती
जिले के उचेहरा विकासखंड के पिथौराबाद गांव के बाबूलाल दाहिया बीते दस-बारह सालों से देशी बीजों के संग्रहण और संवर्धन-संरक्षण में जुटे हुए हैं। उन्होंने गांव में अपनी दस एकड़ की जमीन में से दो एकड़ का खेत देशी धान की प्रजातियों के प्रयोग के लिए रखा हुआ है और वे अब तक सवा सौ धान की प्रजातियां चिन्हिंत कर उनके संवर्धन की दिशा में काम कर रहे हैं।  इसके लिए वह अपने आसपास के सीधी, रीवा, पन्ना और शहडोल जिले के गांव-गांव जाकर धान की अलग-अलग किस्मों के बीज सहेजे और उनकी खुद खेती कर उनके गुणधर्म को पहचाना।

नाना जी को भारत रत्न
सोमवार की सुबह 10:30 बजे राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति नामनाथ कोविंद के द्वारा 56 लोगों को अलंकरण प्रदान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख, पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी तथा गायक भूपेन हजारिका को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इस बार कुल 112 लोग पद्म पुरस्कार के लिए चयनित किए गए हैं, जिनमें से प्रथम चरण में 56 व अन्य को 15 मार्च को दिया जाएगा। इनमें 4 लोगों को पद्म विभूषण, 14 लोगों को पद्म भूषण, जबकि 94 लोगों को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है।

 

Similar News