लॉकडाउन का विरोध, व्यापारियों ने बजाई थाली, दिखाया पोस्टर

लॉकडाउन का विरोध, व्यापारियों ने बजाई थाली, दिखाया पोस्टर

Anita Peddulwar
Update: 2021-04-09 06:28 GMT
लॉकडाउन का विरोध, व्यापारियों ने बजाई थाली, दिखाया पोस्टर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लॉकडाउन के विरोध में जगह-जगह पर अपनी दुकानों के सामने खड़े होकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। कहीं थाली बजाई गई, तो कहीं पर बैनर दिखाकर  विरोध किया गया। सीताबर्डी व्यापारी संघ, धरमपेठ पश्चिम नागपुर व्यापारी संघ, गांजाखेत व्यापारी, इतवारी सर्राफा बाजार, शहीद चौक, लोहा ओली, जनरल मर्चंेट भंडारा रोड, तीन नल चौक, होलसेल मार्केट, गीतांजलि चौक, सीताबर्डी, लक्ष्मी भवन चौक आदि स्थानों पर दुकानों के सामने थाली बजाकर लॉकडाउन का विरोध किया गया। उधर, सलून संचालकों ने सरकार के जीआर की होली जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

महाराष्ट्र नाभिक महामंडल के जिला अध्यक्ष गणपत चौधरी के नेतृत्व में यह आंदोलन किया गया।  नाग विदर्भ चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अश्विन मेहाड़िया के नेतृत्व में सभी व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों व व्यापारियों नेे "थाली बजाओ-सरकार जगाओ" मुहिम चलाई। अश्विन मेहाड़िया ने कहा- पिछले एक वर्ष से कभी केंद्र तो कभी राज्य सरकार लॉकडाउन की घोषणा कर रही है। इससे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। खास बात यह है कि सरकार के स्तर से किसी तरह की मदद भी नहीं की गई है। कई व्यापारियों ने बैंकों से कर्ज लिया है। ब्याज बढ़ रहा है, उसमें किसी तरह की राहत नहीं दी जा रही।

लॉकडाउन के बीच लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या 
मेहाड़िया ने कहा कि लगातार बढ़ रहा संक्रमण सबकी चिंता बढ़ा रहा है। प्रशासन ने मार्च 2021 में मिनी लाॅकडाउन लगाया था। उस समय शहर में संक्रमण की संख्या प्रतिदिन 1500 से 1800 थी। बाजार बंद रहने के बावजूद अप्रैल माह में प्रतिदिन 5 हजार से अधिक संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। व्यापारी हर प्रकार से सहयोग के लिए तैयार हैं, पर सरकार भी तो व्यापारियों की फिक्र करे।

ये हैं मांगें
लाॅकडाउन अवधि में लगने वाले ब्याज में रियायत मिले। }दुकानों का  किराया सरकारी कोष से दिया जाए। }दुकान के कर्मचारियों का वेतन सरकार दे। }लाॅकडाउन अवधि तक संपत्ति कर, बिजली बिल, टेलीफोन बिल आदि माफ किया जाए। }बच्चों की स्कूल-काॅलजों की फीस माफ की जाए।

रेस्टोरेंट ऑनर्स व कर्मियों का मूक आंदोलन
लॉकडाउन के विरोध में होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन, वेस्टर्न इंडिया, नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया, एसोसिएशन होटल एंड रेस्टोरेंट तथा महाराष्ट्र की अन्य संस्थाओं ने यूनाइटेड हॉस्पिटैलिटी फोरम ऑफ महाराष्ट्र के बैनर तले इकट्ठे हुए। "मिशन रोजी-रोटी" के अंतर्गत मूक आंदोलन किया। नागपुर रेसिडेंशियल होटल्स एसोसिएशन (एनआरएचए) के सभी सदस्यों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर बैनर के साथ मूक आंदोलन किया। एनआरएचए के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह रेणु ने कहा- राज्य सरकार द्वारा दी गई ऑनलाइन खाद्य बिक्री की समय सीमा पूरी तरह से अतार्किक है। उन्होंने कहा कि सरकार मुंबई को छोड़, राज्य  के अन्य हिस्सों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। नागपुर में रेस्टोरेंट को ऑनलाइन खाद्य बिक्री के लिए सुबह 7 से रात 8 बजे तक की अनुमति दी गई है। मुंबई में 24 घंटे ऑनलाइन खाद्य वितरण की अनुमति है। 

मनपा अायुक्त को दुकानों की चाबियां सौंपेंगे सर्राफा व्यापारी
सोना-चांदी ऑल कमेटी के बैनर तले गुरुवार सुबह इतवारी स्थित कार्यालय के सामने थाली बजाकर विरोध-प्रदर्शन हुआ। कमेटी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन के बारे में निर्णय लेने के लिए 2 दिन का समय मांगा था, जिसकी अवधि शुक्रवार को समाप्त हो रही है। यदि शुक्रवार तक सरकार लॉकडाउन को लेकर उचित निर्णय नहीं लेती है, तो शनिवार को सभी व्यापारी अपनी दुकानों की चाबियां मनपा आयुक्त के हाथों में सौपेंगे और उनसे अपने परिवार, कर्मचारियों के पालन-पोषण के लिए मुआवजे की मांग करें। इसके बाद आंदोलन तेज किया जाएगा।
 

Tags:    

Similar News