होर्डिंग गिरने के मामले में रेलवे इंजीनियर गिरफ्तार, लापरवाही के चलते हुई घटना

होर्डिंग गिरने के मामले में रेलवे इंजीनियर गिरफ्तार, लापरवाही के चलते हुई घटना

Anita Peddulwar
Update: 2018-10-06 07:52 GMT
होर्डिंग गिरने के मामले में रेलवे इंजीनियर गिरफ्तार, लापरवाही के चलते हुई घटना

डिजिटल डेस्क, पुणे। होर्डिंग गिरने के मामले में रेलवे इंजीनियर को जिम्मेदार ठहराते हुए बंडगार्डन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रेलवे इंजीनियर के गाइडेंस में यह काम किया जा रहा था। सुरक्षा का ध्यान नहीं रखते हुए लापरवाही के चलते होर्डिंग गिरने की घटना शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब घटी थी। इस मामले में बंडगार्डन पुलिस ने रेलवे इंजीनियर संजय सिंह को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी बंडगार्डन पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुजावर द्वारा दी गई है। इस मामले में आगे की तफ्तीश जारी है। 

4 की हुई थी मौत, 7 हुए थे घायल
 गौरतलब हो कि पुणे के शाहीर अमर शेख चौक में होर्डिंग गिरने से 4 लोगों की मौत होने की दर्दनाक घटना घटी थी। इस घटना में 7 अन्य लोग घायल हुए थे। चौक में स्थित होर्डिंग अवैध होने की वजह से पुणे रेलवे प्रशासन की ओर से होर्डिंग कटिंग का काम किया जा रहा था। इस दरम्यान यह होर्डिंग शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब सिग्नल पर रुके लोगों के ऊपर जा गिरा। होर्डिंग  काफी तेजी के साथ सड़क पर गिरा था, जिसके भार के नीचे दबकर मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई थी।

पहले ही जताई गई थी अनहोनी की आशंका 
पुणे के सबसे भीड़ और अतिव्यस्त चौक के रुप में जानेवाले शाहीर अमर शेख चौक में वर्ष 2013 से अवैध रुप से होर्डिंग की नोटिस रेलवे प्रशासन को दी गई थी। होर्डिंग अवैध होने के साथ साथ होर्डिंग खतरनाक साबित हो सकता है। जिसे हटाने का कार्य शुक्रवार को रेलवे की ओर से किया जा रहा था। होर्डिंग की कटिंग करते समय  यह हादसा रेलवे प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। होर्डिंग की कटिंग करते समय सुरक्षा का ध्यान रखा जाना चाहिए था।  होर्डिंग की कटिंग खंभे के नीचे स्तर से की गई, जिसकी वजह से होर्डिंग सीधे सड़क पर खड़े  लोगों के ऊपर जा गिरा। घटना से परिसर में भारी आक्रोश निर्माण हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Similar News