मुंबई में हिंदू-मुस्लिम एक साथ करते हैं आरती, राज ठाकरे बोले- गणेश मंडल चाहे तो बजाएं DJ

मुंबई में हिंदू-मुस्लिम एक साथ करते हैं आरती, राज ठाकरे बोले- गणेश मंडल चाहे तो बजाएं DJ

Tejinder Singh
Update: 2018-09-17 16:09 GMT
मुंबई में हिंदू-मुस्लिम एक साथ करते हैं आरती, राज ठाकरे बोले- गणेश मंडल चाहे तो बजाएं DJ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गणेश उत्सव में DJ बजाने पर लगी पाबंदी को लेकर DJ मालिकों ने मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से सोमवार को कृष्णकुंज में मुलाकात की। बैठक में नाशिक, मुंबई और ठाणे से आए DJ मालिकों ने राज से अपनी परेशानी कही। DJ मालिकों ने कहा कि पाबंदी के कारण हम लोगों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस पर राज ठाकरे ने सलाह दी कि यदि DJ बजाने के लिए गणेश मंडल अनुमति देते हैं तो बजाए। उन्होंने कहा कि यदि गणेश मंडल DJ बजाने के लिए तैयार हैं तो आप लोग खुशी से DJ बजाइए।

राज ने कहा कि DJ पाबंदी का मामला फिलहाल बाम्बे हाईकोर्ट में चल रहा है। मामले की अगली सुनवाई 19 सितंबर को होगी। तब तक हमें इंतजार करना चाहिए। इस बीच यदि गणेश मंडल DJ बजाने के लिए तैयार होते हैं तो आप लोग DJ बजाइए। इससे पहले DJ वालों के समर्थन में सातारा से राष्ट्रवादी कांग्रेस के सांसद उदयन राजे भोसले उतरे थे। भोसले ने कहा था कि हम हर हाल में DJ और डॉल्बी साउंड का इस्तेमाल करेंगे।  

यहां हिंदु-मुस्लिम एक साथ करते हैं गणपति बप्पा की आरती
दूसरी तरफ धर्म के नाम पर राजनीति कर लोगों को बांटने वालों के लिए घाटकोपर स्थित राम रहीम गणपति मंडल एक सबक है। यहां हिंदू और मुसलमान साथ मिलकर बाप्पा की आरती करते हुए लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। इस कौमी एकता का ही नतीजा है कि इलाके में कभी धर्म के नाम पर कोई विवाद नहीं होता। राम रहीम मंडल के सचिव सलीम मुस्ताक शेख बताते हैं कि 25 साल पहले राम रहीम मंडल की स्थापना हुई थी। तब से ही दोनों समुदायों के लोग साथ मिलकर गणेशोत्सव का आयोजन करते आएं हैं। उन्होंने कहा कि इस साल और भी खास है, क्योंकि मुहर्रम भी गणेशोत्सव के साथ ही आया है।

शेख ने कहा कि आमतौर पर हम गणेशोत्सव के लिए बनाए गए पंडाल में ही मुहर्रम भी मनाते हैं लेकिन इस साल गणेशोत्सव के दौरान ही मुहर्रम भी है इसीलिए हमने गणेश जी के पंडाल के पास ही एक और मंच बनाया है जहां मुहर्रम से जुड़े कार्यक्रम होंगे। बता दें कि इस बार 21 सितंबर को मुहर्रम मनाया जाना है। घाटकोपर पश्चिम के नित्यानंद नगर में स्थित राम रहीम मंडल में रोजाना हिंदुओं के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय के लोग भी पूजा आरती में शामिल होते हैं। कासिम पठान अध्यक्ष राम-रहीम मंडल के मुताबिक एक दूसरे कि भावनाओं का सम्मान करके ही दिलों की दूरियां मिटाई जा सकती हैं।

Similar News