आरेंज सिटी में राजस्थानी संस्कृति की झलक, 105 कलाकारों ने पेश किए नृत्य

आरेंज सिटी में राजस्थानी संस्कृति की झलक, 105 कलाकारों ने पेश किए नृत्य

Anita Peddulwar
Update: 2018-12-22 11:29 GMT
आरेंज सिटी में राजस्थानी संस्कृति की झलक, 105 कलाकारों ने पेश किए नृत्य

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केन्द्र परिसर रंग-बिरंगी छतरियों से सजा था। आस-पास लटकती कठपुतलियां लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही थीं। परिसर के अंदर महिलाएं, पुरुष सिर पर लहरिया फेटा बांधकर खम्भा गड़ी के संबोधन से आगंतुकों का स्वागत कर रहे थे। ऐसा नजारा था मानों पूरा राजस्थान, केन्द्र परिसर में समा गया हो।  श्री बीकानेरी माहेश्वरी पंचायत, युवा समिति व मारवाड़ी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थानी महोत्सव का आयोजन दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र में किया गया। उद्घाटन मारवाड़ी फाउंडेशन के अध्यक्ष गिरीश गांधी, दमक्षेसां केन्द्र के संचालक दीपक खिरवड़कर द्वारा किया गया। श्री गांधी ने संबोधन में कहा कि राजस्थानी धरोहर को संजोए रखना हमारा दायित्व है। शहर तथा महाराष्ट्र की संस्कृति ने भी हमें बहुत कुछ दिया है, इसलिए उसका अभिमान होना चाहिए। इस दौरान अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि राजस्थान में शक्ति, भक्ति और शौर्य का संगम है।  किलों के मामले में भी राजस्थान बेजोड़ है। महोत्सव का आयोजन 26 दिसंबर तक दोपहर 2.30 से रात 10 बजे तक होगा।

खास है कठपुतली का नृत्य
महोत्सव में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के 105 कलाकार उदयपुर से आए हैं। कलाकारों ने  नृत्य, गायन और वादन की प्रस्तुति दी।  इन प्रस्तुतियों में कठपुतली प्रदर्शन, कलाबेलिया, मयूर, चरी घूमर नृत्य, गैर, चकरी, तेराताल आदि नृत्यों की विशेष प्रस्तुति दी गई। इसी प्रकार लोकसंगीत, चंग, भपंग वादन भी विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा।  महोत्सव में आर्ट एंड क्रॉफ्ट, मेटल वर्क, ब्ल्यू पॉटरीज, जिंग ऑक्साइड, ज्वेलरी, पेंटिंग, वुडन खिलौने के स्टॉल्स ने सभी को आकर्षित किया। राजस्थान से आए व्यंजनकारों द्वारा बनाए गए  चटपटे राजस्थानी पकवानों का ठंड के मौसम में लोगों ने लुत्फ उठाया। इस दौरान पर मंच पर पंचायत विश्वस्त सेवा समिति के सभापति गिरधरलाल सिंगी, सचिव सुबोध मोहता, अध्यक्ष प्रमोद बागड़ी, अजय मल्ल, युवा समिति के अध्यक्ष शिरीष मूंधड़ा, सचिव दीपक मोहता, महिला समिति की अध्यक्षा वंदना मूंधड़ा, सचिव रेखा राठी मौजूद थे। मंच संचालन सुधीर बाहेती व किरण मूंदड़ा ने किया। 

Similar News