कट रहे जंगल, नागपुर शहर में दिखने लगे दुर्लभ प्रजाति के सांप

कट रहे जंगल, नागपुर शहर में दिखने लगे दुर्लभ प्रजाति के सांप

Anita Peddulwar
Update: 2021-06-02 09:17 GMT
कट रहे जंगल, नागपुर शहर में दिखने लगे दुर्लभ प्रजाति के सांप

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  तेजी से हो रही जंगल कटाई के कारण अब वन्यजीव शहर में आ रहे हैं। बाघ, तेंदुए से लेकर हिरण आदि आए दिन इंसानी इलाकों में पहुंच जाते हैं, अब सांप भी इनमें शामिल है। गत 6 माह की बात करें तो आधा दर्जन से ज्यादा सांपों को इंसानी इलाकों में सर्पमित्रों ने पकड़ा है। यह सांप जंगलों में छुपकर रहने वाले दुर्लभ प्रजाति के सांप हैं। जानकारों की मानें तो तेजी से जंगल कटाई कर उन जगहों पर नए घर बनाने के कारण ऐसा हो रहा है। नागपुर शहर में विभिन्न प्रजाति के सांप हैं। आमतौर पर यह सांप जंगली क्षेत्र में रहते हैं। धामन, कोबरा, क्रेट जैसे सांपों को छोड़ा जाए तो यह आसानी से इंसानी इलाकों में देखने को नहीं मिलते हैं।

हाल ही में बेलतरोड़ी परिसर में ऐलो स्पॉटेड उल्फ स्नैक को देखा गया है। सर्पमित्रों के अनुसार यह बिल्कुल भी जहरीला नहीं होता है, लेकिन देखने में पूरी तरह से काला व शरीर पर पीले धब्बे होते हैं। इस सांप को लंबे समय से नहीं देखा गया था, लेकिन हाल ही में इसे एक व्यक्ति के घर में देखा गया है। जिसके बाद रेस्क्यू कर इसे मुक्त किया गया। इशी फॉस्टैड कैट स्नैक भी जंगल में रहने वाला है। इसे आसानी से इंसानी क्षेत्र के आस-पास देखना मुश्किल है। लेकिन गत 4 माह पहले ही इसे वाठोड़ा चौक से रेस्क्यू किया गया। इंडियन एग इटर सांपाें को भी दुर्लभ सांपों की श्रेणी में गिना जाता है। 5 महीने पहले इसे भी घोगली परिसर से रेस्क्यू किया गया। यह सांप अंडे खाता है। इसी तरह गत 6 महीने के भीतर में सर्पमित्रों द्वारा स्मूथ स्नैक, वाइन स्नैक, सॉसकेल्ड वायपर को नागपुर शहर के नरसाला, दिघोरी, घोगली आदि जगह से रेस्क्यू किया गया है।

रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ देते हैं
सर्पमित्र स्वप्निल बोधाने ने बताया कि यह सांप आसानी से इंसानी इलाकों में देखने नहीं मिलते हैं। लेकिन तेजी से हो रही जंगल कटाई आदि के कारण यह इंसानी क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं। इनका रेस्क्यू कर हम इन्हें वन विभाग की मदद से जंगल में छोड़ देते हैं।
 

Tags:    

Similar News