रजिस्ट्रेशन कटनी में, धान खरीदी 13 किमी दूर पिपरौंध में होगी

रजिस्ट्रेशन कटनी में, धान खरीदी 13 किमी दूर पिपरौंध में होगी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-21 08:06 GMT
रजिस्ट्रेशन कटनी में, धान खरीदी 13 किमी दूर पिपरौंध में होगी

डिजिटल डेस्क, कटनी । बिलगवां के सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होने धान खरीदी के लिए रजिस्ट्रेशन वृहताकार सहकारी समिति कटनी में रजिस्टे्रशन कराया था। उन्हे मोबाइल पर कृष्णा वेयर हाउस पिपरौंध में धान ले जाने का मैसेज मिला। उन्होने बताया कि वृहताकार सहकारी समिति कटनी में रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी किसानों का यही हाल है। अब किसानों को धान बेचने के लिए 15 से 20 किलोमीटर चक्कर लगाना पड़ेगा।

14 एकड़ का रजिस्टे्रशन, लिमिट 62 क्विंटल
गिरदावरी एप से किए गए फसलों के सत्यापन ने किसानों के सामने नई समस्या खड़ी कर दी है। जितने रकबा में किसानों ने फसल बोई थी उससे कम का सत्यापन
होने से कम फसल बेचने का मैसेज किसानों को मिल रहा है। इसी तरह की समस्या से परेशान होकर कटंगी कला के किसान रामकुमार पटेल भी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। रामकुमार ने बताया कि उन्होने 5.45 हेक्टेयर (लगभग 14 एकड़) में धान की फसल बोई थी और सभी दस्तावेजों के साथ पंजीयन कराया था लेकिन उन्हे केवल 62 क्विंटल धान बेचने का मैसेज मिला है।

कन्हवारा में बनाया जाए खरीदी केन्द्र
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष मिथलेश जैन के नेतृत्व में कांग्रेसजनों व ग्रामीण क्षेत्र के किसानों ने धान खरीदी केन्द्र कन्हवारा में बनाये जाने  कलेक्टर कटनी को ज्ञापन सौंपा। मिथलेश जैन ने बताया कि कन्हवारा में वर्तमान में खरीदी केंद्र होते हुए भी पिलौंजी में धान खरीदी केन्द्र बना दिया गया है जहाँ आवागमन का मार्ग कच्चा होने और किसानों के रुकने आदि की व्यवस्था नही होने से किसानों को परेशानी हो रही है जबकि कन्हवारा खरीदी केंद्र में आसपास के गांव पिलौंजी, मुहारी, खमतरा, पौड़ी,जोबी, डिठवारा, सहसपुरा, पौड़ी पड़रिया, छैघरा, मदनपुरा, पडखुरी, जोबीकला के किसानों को धान बेचने में सुविधा होती है जिस पर कलेक्टर ने तत्काल निर्देश जारी कर आवश्यक कार्यवाही की।

धान कृषकों की सहायता के लिए कंट्रोल रुम स्थापित
कलेक्टर केवीएस चौधरी ने निर्धारित उपार्जन केन्द्रों में कृषकों को अपनी उपज को विक्रय करने से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिये जिलास्तरीय कंट्रोल रुम स्थापित किया है। लोक सेवा गारंटी शाखा में स्थापित किये गये इस कंट्रोल रुम का दूरभाष क्रमांक 07622-222188 है। यह कंट्रोल रुम उपार्जन कार्य पूर्ण होने तक संचालित रहेगा।

Similar News