65 दिनों में 32 नए राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन, नागपुर में बनी लोकजागर पार्टी 

65 दिनों में 32 नए राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन, नागपुर में बनी लोकजागर पार्टी 

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-22 11:34 GMT
65 दिनों में 32 नए राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन, नागपुर में बनी लोकजागर पार्टी 

डिजिटल डेस्क,मुंबई। लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है देश में राजनीतिक दलों की बाढ़ आती जा रही है। 20 जून 2018 से 24 अगस्त 2018 के बीच यानी सिर्फ 65 दिनों में राष्ट्रीय चुनाव आयोग में 32 नए राजनीतिक दलों का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) हुआ है। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में भी लोकजागर पार्टी नाम के नए दल की स्थापना हुई है।

चुनाव से पहले देशभर में कई और राजनीतिक दलों के पंजीकरण की उम्मीद है। आगामी दिसंबर महीने में राजस्थान विधानसभा चुनाव होने हैं। इस राज्य में छह नए राजनीतिक दलों ने पंजीकरण कराया है। राजस्थान में फिलहाल भाजपा सत्ता में है। नई पार्टियों में तीन के नाम भारत वाहिनी पार्टी, भारतीय जनसत्ता और राजस्थान जनता पार्टी है जो भाजपा से काफी मिलते जुलते नाम हैं। तेलंगाना विधानसभा भंग होने के बाद इसके चुनाव भी दिसंबर महीने में होने की उम्मीद है। इस राज्य में भी तीन नई पार्टियों ने पंजीकरण कराया है।

राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा नई पार्टियां बनाईं गईं हैं। चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान नई पार्टियों की स्थापना होती है। इनका मकसद सिर्फ चुनाव लड़ना होता है। बाद में इन पार्टियों का अस्तित्व सिर्फ कागजों पर रहता है।  बता दें कि फिलहाल देश में कुल सात राष्ट्रीय और 24 क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टियां हैं। वहीं चुनाव आयोग में पंजीकरण कराने वाली कुल पार्टियों की संख्या 2069 है। 

ये हैं नई पार्टियां

राजस्थान-भारत वाहिनी पार्टी, भारतीय जनसत्ता पार्टी, अभिनव राजस्थान पार्टी, पंच पार्टी, राजस्थान जनता पार्टी, खुशहाल किसान पार्टी
तमिलनाडु-मक्कल निधी मय्यम, ऑल इंडिया मक्कल नलवालवु कांची, माइ इंडिया पार्टी
तेलंगाना-नव समाज पार्टी, जय स्वराज पार्टी, बहुजन लेपाट पार्टी
नई दिल्ली-लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी, आपकी अपनी, मजदूर किराएदार विकास पार्टी, राष्ट्रीय सहयोग पार्टी
उत्तर प्रदेश- आदर्श संग्राम पार्टी, न्यू मदरलैंड पार्टी, भारतीय अनारक्षित पार्टी, राष्ट्रीय जनराज पार्टी, साफ पार्टी, गरीब बेरोजगार विकास पार्टी, जागो हिंदुस्तान पार्टी
हरियाणा-लोकतांत्रिक जनता दल
कर्नाटक-कल्याण क्रांति पार्टी, न्यू इंडिया यूनाइटेड पार्टी, वोटर्स इंडिपेंडेंट पार्टी
आंध्र प्रदेश-ऑल इंडियंस पार्टी
मिजोरम-पीपल्स रिप्रजेंटेशन आइडेंटिटी एंड स्टेटस मिजोरम पार्टी
बिहार-विकासशील इंसान पार्टी
महाराष्ट्र-लोकजागर पार्टी
 

Similar News