हवा का रुख बदलते ही मिली ठंड से राहत

हवा का रुख बदलते ही मिली ठंड से राहत

Anita Peddulwar
Update: 2019-02-01 04:10 GMT
हवा का रुख बदलते ही मिली ठंड से राहत

डिजिटल डेस्क, नागपुर । पिछले 15 दिनों से कड़ाके की सर्दी झेल रहे नागपुरवासियों को हवा पलटने से कुछ राहत मिली है। गुरुवार की रात से हवाओं ने अपना रुख बदला और पुरवाई का जोर बढ़ा तो शीतलहर से गुजर रहे विदर्भ को कुछ राहत की उम्मीद जगी। बुधवार तथा गुरुवार की दरमियानी रात हवा की दिशा दक्षिण-पूर्व होने से विदर्भ के सभी जिलों में रात का तापमान ऊपर की ओर खिसका है। गुरुवार को विदर्भ के जिलों में रात का पारा 4 से 8 डिग्री नीचे बना रहा। अनुमान है कि शुक्रवार को शीतलहर से राहत मिल जाएगी। संतरानगरी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री नीचे 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भी सबसे अधिक ठंडी रही। 

अनुमान : मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान बुधवार के मुकाबले 2.8 डिग्री बढ़कर 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 1 डिग्री नीचे है। न्यूनतम तापमान सामन्य 8 डिग्री नीचे 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 66 व न्यूनतम 39 प्रतिशत रही। अनुमान है कि शुक्रवार को उपराजधानी सहित विदर्भ को शीतलहर से निजात मिल जाएगी। दक्षिण पूर्व की ओर हुई हवा की दिशा खिसक कर पूर्व की ओर हो रही है। इससे तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़त दर्ज होने के आसार हैं। 

क्यों बदल रहा मौसम : पकिस्तान पर बना पश्चिमी विक्षोभ नीचे उतकर राजस्थान के मैदानी इलाकों में भी छा गया है। इसके असर से ऊतरीय हवाओं का रुख पलट कर दक्षिण पूर्वी हो रहा है। पुरवाई के आने से उत्तर की ओर से आ रही ठंडी हवाओं का असर घटा है। गीली जमीन के सूखने से तथा कोहरे और ओस के घटने से भी ठंड का असर कम हुआ है। दो-चार दिनों में ठंड से पूरी तरह निजात मिलने की उम्मीद है।
 

Similar News