दूध उत्पादकों को एफआरपी देने रिपोर्ट तैयार
विधान परिषद -प्रश्नोत्तर दूध उत्पादकों को एफआरपी देने रिपोर्ट तैयार
डिजिटल डेस्क, मुंबई । प्रदेश के दूध उत्पादक किसानों को उचित और लाभकारी मूल्य (एफआरपी) देने के लिए रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। इसके रिपोर्ट को राज्य मंत्रिमंडल में रखा जाएगा। इसके जरिए दूध को एफआरपी लागू करने संबंधी व्यवहारिकता (फिजिबिलटी) जांचने के लिए राज्य मंत्रिमंडल की उपसमिति स्थापित की जाएगी। विधान परिषद में प्रदेश के पशुसंवर्धन मंत्री सुनील केदार ने यह जानकारी दी। प्रश्नकाल में भाजपा समर्थित सदस्य सदाभाऊ खोत ने दूध को एफआरपी लागू करने का मुद्दा उठाया था। केदार ने कहा कि गन्ने के लिए एफआरपी केंद्र सरकार के जरिए लागू की गई है। इसलिए दूध के लिए एफआरपी लागू करने के बारे में केंद्र सरकार से सहमति लेनी होगी। मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में कर्नाटक और गुजरात से प्रति दिन लगभग 12 लाख लीटर दूध आता है। इस कारण महाराष्ट्र में उत्पादित दूध की मांग और आपूर्ति में काफी अंतर है। इसलिए इसको नियंत्रित करने के लिए सरकार जल्द फैसला करेगी।
औरंगाबाद में 22 महिनों के दौरान दुष्कर्म की 163 घटनाएं
औरंगाबाद शहर में जनवरी 2020 से अक्टूबर 2021 के बीच बलात्कार की 163 घटनाएं हुई हैं। जबकि इस अवधि में हत्या की 51 घटनाएं दर्ज हुई हैं। विधान परिषद में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में प्रदेश के गृह मंत्री दिलीप वलसे- पाटील ने बताया कि जनवरी 2020 से अक्टूबर 2021 के बीच औरंगाबाद शहर में नाबालिग लड़कियों के गायब होने की 180 शिकायत दर्ज की गई है। इसमें 197 नाबालिग लड़कियां थीं। जिसमें से 179 लड़कियां मिल गई हैं। जबकि 18 लड़कियां नहीं मिल पाई हैं। नाबालिग बच्चियों की हत्या संबंधी औरंगाबाद शहर में एक भी मामला दर्ज नहीं है। नाबालिग बच्चियों के आत्महत्या की 4 घटनाएं हुई हैं। इसके साथ ही छोटे बच्चों से मारपीट के 5 मामले दर्ज हुए हैं। गृह मंत्री ने बताया कि महिला सुरक्षा की दृष्टि से राज्य में महिला सुरक्षा समिति, महिला मदद कक्ष, भरोसा दल, पुलिस दीदी, महिलाओं के लिए हेल्पलाइन जैसे उपक्रम चलाए जाते हैं। शिवसेना सदस्य अंबादास दानवे ने इस संबंध में सवाल पूछा था।
नागपुर में अवैध खनन मामले में 38 लाख का जुर्माना
नागपुर के पारशिवणी तहसील के गरांडा, पिपला और वाघोडा रेती घाट की बीते 18 सितंबर को संयुक्त जांच में अवैध रेती उत्खनन करने के चलते 38 लाख रुपए की दंडात्मक कार्रवाई की गई है। रेती घाट से 1100 ब्रास रेती जब्त की गई है। रेती घाट से 2 पोकलेन, 2 जेसीबी, 2 टैक्टर और 1 नाव भी जब्त की गई है। विधान परिषद में प्रदेश के राजस्व मंत्री बालासाहब थोरात ने एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। कांग्रेस सदस्य अभिजीत वंजारी ने इस बारे में सवाल पूछा था।
कृषि विश्वविद्यालयों में रिक्त हैं 6028 पद
प्रदेश के कृषि चार कृषि विश्वविद्यालयों में शिक्षक व शिक्षकेत्तर पदों की कुल 6 हजार 28 रिक्तियां हैं। राज्य के कृषि मंत्री दादाजी भुसे ने विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। भुसे ने बताया कि राज्य के चार विश्वविद्यालयों में शिक्षक और शिक्षकेतर के कुल 12 हजार 480 पद मंजूर हैं। इनमें से अक्टूबर 2021 तक 6 हजार 452 पद भरे जा चुके हैं। जबकि 6 हजार 28 पद रिक्त हैं। राकांपा सदस्य सतीश चव्हाण ने इस बारे में सवाल पूछा था। भुसे ने कहा कि सरकार के 4 मई 2020 के शासनादेश के अनुसार नई पद भर्ती नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके मद्देनजर फिलहाल कृषि विश्वविद्यालयों के रिक्त पद पदोन्नति के जरिए भरे जा रहे हैं।