सभी धर्मों का सम्मान करना ही हमारी संस्कृति है - नितिन गडकरी

सभी धर्मों का सम्मान करना ही हमारी संस्कृति है - नितिन गडकरी

Tejinder Singh
Update: 2018-07-01 10:55 GMT
सभी धर्मों का सम्मान करना ही हमारी संस्कृति है - नितिन गडकरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज को यशवंत, कीर्तिवंत, सामर्थ्यवान जाणता राजा कहा जाता है। पिता कैसा हो, राजा कैसा हो, इसका उदाहरण यानी शिवाजी महाराज हैं। देश के पहले धर्मनिरपेक्ष राजा के रूप में उनकी ख्याति है। ऐसे राजा का अनुकरण करना है, तो जीवन में सेवा का व्रत स्वीकारें। इस दौरान गडकरी ने अपने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना, जाति-धर्म-पंथ से ऊपर उठकर विचार करना, हमारी संस्कृति है। शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलकर हम केंद्र और राज्य में काम कर रहे हैं। नागपुर महानगरपालिका की ओर से यशोधरा नगर पुलिस थाने के पास योगी अरविंद नगर परिसर में शिवाजी चौक में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की पूर्णाकृति म्यूरल प्रतिमा का लोकार्पण करते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी बोल रहे थे।

वर्धा, भंडारा तक ब्रॉडगेज मेट्रो
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, नागपुर शहर का तेजी से विकास हो रहा है। नागपुर से अन्य शहरों को मेट्रो को जोड़ने की तैयारी है। जल्द ही नागपुर-वर्धा, नागपुर-भंडारा, रामटेक-काटोल ब्रॉडगेज मेट्रो का प्रस्ताव है। वर्धा-नागपुर एसी मेट्रो में केवल आधा घंटे सफर भविष्य में संभव होगा।

गरीबों को फर्नीचर युक्त मकान
जिले में गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना से 50 हजार मकान देने का संकल्प है। इसमें से आठ हजार मकानों का काम शुरू है। मकान में डबल बेड, सोफा सेट रहेगा। सोलर हीटर और मुफ्त बिजली देने भी प्रस्तावित है। सिर्फ साढ़े तीन से चार लाख रुपए में यह घर उपलब्ध होगा। जल्द 52 एकड़ जगह पर 10 हजार घरों का निर्माण शुरू किया जाएगा।

जरीपटका पुल के लिए 65 करोड़
उन्होंने कहा कि, देश में सड़क बनाते हुए नागपुर महानगर पालिका को भी हम पैसा दे रहे हैं। नागपुर के लिए 700 करोड़ रुपए का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, जरीपटका पुल के लिए 65 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

तुतारी, ढोल-नगाड़े बजाकर  लोकार्पण
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गडकरी के हाथों अप्रीतम राजे शिवछत्रपति की पूर्णाकृति म्यूरल प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। तुतारी, ढोल-नगाड़ों के शोर और छत्रपति शिवाजी महाराज की जय-जयकार कर उपस्थितों ने महाराज का अभिवादन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर नंदा जिचकार ने की। राज्य के ऊर्जा मंत्री व पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक डॉ. मिलिंद माने, सुधाकर कोहले, मनपा स्थायी समिति के सभापति वीरेंद्र कुकरेजा, आयुक्त वीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त आयुक्त रवींद्र कुंभारे, बसपा पक्षनेता मो. जमाल, नगरसेवक दयाशंकर ितवारी, कर समिति सभापति संदीप जाधव, आशीनगर जोन सभापति वंदना चांदेकर, दुर्बल घटक समिति सभापति महेंद्र धनविजय, भाग्यश्री कानतोडे, सुषमा चौधरी, निरंजना पाटील आदि उपस्थित थे।

Similar News