टेक्नोलॉजी का युग है, खुद को अपडेट रखने से ही मिलेगी सफलता- सीएम फडणवीस

टेक्नोलॉजी का युग है, खुद को अपडेट रखने से ही मिलेगी सफलता- सीएम फडणवीस

Anita Peddulwar
Update: 2018-10-22 08:15 GMT
टेक्नोलॉजी का युग है, खुद को अपडेट रखने से ही मिलेगी सफलता- सीएम फडणवीस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि 21वीं सदी में केवल वह व्यक्ति ही शिक्षित नहीं है, जिसे पढ़ना और लिखना आता हो, बल्कि सही मायनों में वह शिक्षित है, जो सीखता रहता हो। यह युग टेक्नोलॉजी का है। यहां हर 7 साल में जनरेशन बदलती है, तो रातों रात टेक्नोलॉजी बदल जाती है। ऐसे में अपना अस्तित्व बनाए रखने के लिए हमें निरंतर सीखते रहना होगा। आर्टिफिशल इंटेलिजेंस पर प्रभुत्व ही आपको इंडस्ट्री में सफलता दिलाएगा।  रामदेवबाबा इंजीनियरिंग कॉलेज के दूसरे दीक्षांत समारोह में उन्होंने स्टूडेंट्स को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। गिट्टीखदान स्थित कॉलेज परिसर में यह कार्यक्रम हुआ।

कॉलेज मार्गदर्शक मंडल के सदस्य एवं प्रख्यात अंतरिक्ष शास्त्रज्ञ पद्मश्री डॉ. नागराजन वेदाचलम ने स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि इसरो भारत को महान बनाना चाहता है। इसमें विज्ञान और गणित को बारीकी से समझने वाले इंजीनियर अहम रोल अदा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता तामिलनाडू के राज्यपाल एवं कॉलेज अध्यक्ष बनवारीलाल पुरोहित ने की। उन्होंने स्टूडेंट्स को कठिन चुनौतियों से डटकर मुकाबला करते हुए आगे बढ़ने को प्रेरित किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेश पांडे ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। कार्यक्रम में कुलगुरु डॉ. सिद्धार्थ विनायक काणे, प्रकुलगुरु डॉ. प्रमोद येवले, उच्च व तकनीकी शिक्षा सह संचालक गुलाबराव ठाकरे विशेष अतिथियों में उपस्थित थे। 

इनका हुआ सम्मान
वर्ष 2016-17 के लिए बीई कंप्यूटर साइंस शाखा के जयनीता सिन्हा को तथा वर्ष 2017-18 के लिए बीई इलेक्ट्रिकल शाखा की श्रृतिका पटेल को रामदेवबाबा मेडल प्रदान किया गया। इसी तरह 2016 से 2018 तक विभिन्न अभ्यासक्रमों में गुणवत्ता सूची में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले 25 छात्रों को स्वर्ण एवं रजत पदक से सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह में 2016 से 2018 तक रामदेवबाबा महाविद्यालय से बीई, एम.टेक, एमबीए, एमसीए अभ्यासक्रम पूर्ण करने वाले 2,621 छात्राें को पदवी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। 

Similar News