रिटायर्ड DYSP को अगवा कर लूटे साढ़े चार करोड़

रिटायर्ड DYSP को अगवा कर लूटे साढ़े चार करोड़

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-19 19:27 GMT

डिजिटल डेस्क, पुणे। सातारा जिले के कराड में महिंद्र होटल के पास वाहन से पीछा करते हुए कर्नाटक पुलिस के एक रिटायर्ड डीवाईएसपी को अगवा कर उनके साढ़े चार करोड़ रुपए लूट लिए गए। मंगलवार दोपहर हुई इस वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद अगवा डीवाईएसपी को रत्नागिरी के पास छोड़ दिया गया। हालांकि चंद घंटों में ही सातारा पुलिस ने तीन आरोपियों को संगमेश्वर के पास से गिरफ्तार कर लिया और लूटपाट की पूरी रकम भी बरामद कर ली।

कर्नाटक पुलिस से रिटायर हुए डीवाईएसपी अपने दो साथियों के साथ जीप में सवार होकर कहीं जा रहे थे। कराड शहर के महिंद्रा होटल के पास पहुंचने पर उनकी जीप के सामने लुटेरों ने अपनी जीप अड़ा दी। इसके बाद उसमें सवार सभी लोगों को नीचे उतारा और रिटायर्ड डीवाईएसपी व उनके साढ़े चार करोड़ रुपए लेकर वहां से भाग निकले। रिटायर्ड डीवाईएसपी के साथियों ने सातारा पुलिस को इस वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत पूरे जिले में नाकाबंदी की। इतना ही नहीं सातारा जिले के साथ ही सांगली, रत्नागिरी, चिपलूण और अन्य जिलों में भी नाकाबंदी करने की सूचना पुलिस को दी गई।

रिटायर्ड डीवाईएसपी का नाम, उनके कारोबार के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। हांलाकि अगवा करने के बाद उन्हें रत्नागिरी के पास छोड़ने की जानकारी मिली है। जहां से उन्हें चिपलूण पुलिस थाने में लाया गया। सातारा पुलिस ने तुरंत मुखबिरों को सक्रिय किया। उनसे लूटेरों के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद संगमेश्वर के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटी गई रकम बरामद कर ली गई।

Similar News