साल 2016 की बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को 515 करोड़ 24 लाख रुपए की मदद 

साल 2016 की बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को 515 करोड़ 24 लाख रुपए की मदद 

Tejinder Singh
Update: 2018-07-19 15:40 GMT
हाईलाइट
  • भरपाई के रूप में किसानों को 515 करोड़ 24 लाख 7 हजार रुपए मिलेंगे।
  • मराठवाड़ा के 7 जिलों के प्रभावित किसानों को 499 करोड़ 18 लाख रुपए मिलेंगे।
  • महाराष्ट्र में साल 2016 में अप्रैल से नवंबर महीने के बीच अतिवृष्टि और बेमौसम बारिश के कारण फसलों को हुआ था नुकसान।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में साल 2016 में अप्रैल से नवंबर महीने के बीच अतिवृष्टि और बेमौसम बारिश के कारण फसलों के हुए नुकसान की भरपाई के रूप में किसानों को 515 करोड़ 24 लाख 7 हजार रुपए मिलेंगे। गुरुवार को राज्य सरकार के राजस्व विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया। इसके अनुसार मराठवाड़ा के 7 जिलों के प्रभावित किसानों को 499 करोड़ 18 लाख रुपए मिलेंगे। इसमें औरंगाबाद, बीड़, लातूर, उस्मानाबाद, नांदेड़, हिंगोली और परभणी का समावेश है।

नाशिक विभाग के 5 जिलों के लिए 1 करोड़ 66 लाख रुपए की मदद दी गई है। जबकि नागपुर के प्रभावित किसानों को 14 लाख 14 हजार, धुलिया के लिए 3 लाख 30 हजार, अमरावती के लिए 7 करोड़ 6 लाख, यवतमाल के लिए 92 लाख 98 हजार और बुलढाणा के लिए 13 हजार रुपए दिए गए हैं। राजस्व विभाग और कृषि विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किए गए पंचनामा के आधार पर 33 प्रतिशत अथवा उससे ज्यादा नुकसान होने पर मदद दी जाएगी।

आर्थिक मदद की राशि प्रभावित किसानों के बैंक खाते में सीधे जमा कराई जाएगी। किसी भी किसान को नकद राशि नहीं दी जाएगी। सरकार ने बैंकों से कहा है कि मदद राशि किसानों के खाते में जमा करते समय किसी प्रकार की बकाया वसूली न की जाए। सरकार ने साल 2016 के मई, अप्रैल, जून से अक्टूबर और नवंबर महीने में हुई अतिवृष्टि और बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को यह लाभ लेने का फैसला किया है। राज्य मंत्रिमंडल ने 5 जून 2018 की बैठक में मंजूरी प्रदान किया था। 

 

Similar News