RTI में खुलासा : 17 महीने में मुंबई के रेलवे ट्रैक पर 2489 लोगों की दुर्घटनाआें में मौत

RTI में खुलासा : 17 महीने में मुंबई के रेलवे ट्रैक पर 2489 लोगों की दुर्घटनाआें में मौत

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-22 11:42 GMT
RTI में खुलासा : 17 महीने में मुंबई के रेलवे ट्रैक पर 2489 लोगों की दुर्घटनाआें में मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले 17 महीने में मुंबई व उससे सटे इलाके में रेलवे लाइन क्रॉस करने, लोकल ट्रेन से गिरने व अन्य कारणों से रेलवे स्टेशनों पर 2489 लोगों की दुर्घटना में मौत होने का खुलासा RTI में हुआ है। सबसे ज्यादा 1668 मौतें रेलवे लाइन क्रास करने से हुई है। 

RTI एक्टिविस्ट अभय कोलारकर द्वारा रेलवे पुलिस के मुंबई आयुक्तालय से मांगी गई जानकारी में खुलासा हुआ कि 1 जनवरी 2017 से 31 जुलाई 2018 (17 महीने) तक मुंबई के सीएसटी, दादर, कुर्ला, ठाणे, डोंबिवली, कल्याण, करजत, वडाला, वाशी व पनवेल रेलवे स्टेशन पर दुर्घटना में 2489 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा मौैतें रेलवे लाइन क्रॉस करने से हुई है। रेलवे लाइन क्रास करने से 1668 मौतें हुई है, जिसमें 194 महिलाएं शामिल है। यह आंकड़ा रेलवे प्रशासन को भी सकते में डालनेवाला है। लोकल में सफर के दौरान गिरकर  674 लोगों की मौत हुई है। इसमें 66 महिला यात्री शामिल है। करंट लगने, आत्महत्या करने, सफर के दौरान रेल खंभे से टकराने से हुई मौतें भी शामिल है।  मुंबई के सीएसटी, दादर, कुर्ला, ठाणे, डोंबिवली, कल्याण, करजत, वडाला व वाशी में लोकल ट्रेन से हर दिन लाखों यात्री सफर करते हैं। सफर के दौरान हादसे होते ही रहते हैं। 1 जनवरी 2017 से 31 जुलाई 2018 इन 17 महीनों में 548 लोगों की प्राकृतिक मौत हुई है। बीमार रहने से रेलवे स्टेशनों व रेल में सफर के दौरान इनकी मौतें हुई है। इसमें 76 महिलाएं भी शामिल है। 
 
रेलवे पुलिस की एक्शन का भी असर नहीं 

रेलवे पुलिस व रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) मिलकर समय-समय पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए अभियान चलाती है। रेलवे लाइन क्रास नहीं करने, चलती लोकल से नहीं उतरने, चलती लोकल नहीं पकड़ने, बोगी पर खड़े नहीं होने, चलती लोकल में स्टंट नहीं करने, बोगी से हाथ या शरीर बाहर नहीं निकालने जैसे अभियान चलाकर जनजागृति करते रहती है। बावजूद इसके मुंबई व आसपास में लोकल ट्रेनों में इतनी ज्यादा संख्या में दुर्घटनाएं होना गंभीर बात है।

 

Similar News