राज्य मंत्री संजय पाठक ने बदला अपना नाम

राज्य मंत्री संजय पाठक ने बदला अपना नाम

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-13 05:06 GMT
राज्य मंत्री संजय पाठक ने बदला अपना नाम

डिजिटल डेस्क, भोपाल। शिवराज सरकार के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री संजय पाठक ने अपना नाम बदल दिया है। अब उनका नाम संजय सतेन्द्र पाठक हो गया है। इसके लिये उन्होंने बकायदा राजपत्र भाग तीन में इसकी सूचना प्रकाशित करवाई है। दरअसल संजय पाठक ने वर्ष 2013 में कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा सीट से संजय पाठक नाम से ही चुनाव जीता था तथा इसके लिये रिटर्निंग आफिसर को दिये शपथ-पत्र में उन्होंने संजय पाठक नाम ही उल्लेखित किया था। मप्र विधानसभा सचिवालय में भी उनका नाम संजय पाठक ही दर्ज है। लेकिन राज्य मंत्री बनने के बाद उन्होंने अपना नाम संजय सतेन्द्र पाठक कर लिया जो शासकीय डायरी और अन्य दस्तावेजों में भी दर्ज है। लेकिन इस प्रकार नाम बदलने की उन्होंने कोई विधिवत प्रक्रिया नहीं अपनाई थी। 

अब चूंकि विधानसभा के आम चुनाव होने हैं, इसलिये उन्होंने अपना नाम बदलने के लिये विधिवत प्रक्रिया अपनाई है तथा अपना नाम बदलने का राजपत्र में प्रकाशन करा दिया है। यह नाम अब संजय सतेन्द्र पाठक हो गया है तथा इसका शुक्रवार को जारी राजपत्र भाग तीन में प्रकाशन हो गया है।

ज्ञातव्य है कि सतेन्द्र पाठक उनके स्वर्गीय पिताश्री का नाम है जिनका 75 वर्ष की उम्र में 29 अप्रैल,2016 को निधन हुआ था। वे वर्ष 2000 में कांग्रेस की तत्कालीन दिग्विजय सिंह सरकार में केबिनेट मंत्री थे। आने वाले विधानसभा आम चुनाव में अपने दिवंगत पिताश्री के नाम को अपने नाम में जोड़कर संजय पाठक चुनावी वैतरणी पार करने की तैयारी में हैं।

इनका कहना है
‘‘मैंने अपने नाम में अपने स्वर्गीय पिताश्री का नाम भी विधिवत प्रक्रिया अपना कर जुड़वा लिया है। ऐसा इसलिये क्योंकि मेरा शरीर और जीवन उन्हीं का दिया हुआ है तथा मैं जीवन भर इस नाम को अपने नाम से जोड़े रखना चाहता हूं। मैंने मतदाता सूची में भी नया नाम कर दिया है। - संजय सतेन्द्र पाठक, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री, मप्र

Similar News