भोपाल पहुंची 'साइंस एक्सप्रेस', पर्यावरण के प्रति लोगों को कर रही जागरूक
भोपाल पहुंची 'साइंस एक्सप्रेस', पर्यावरण के प्रति लोगों को कर रही जागरूक
डिजिटल डेस्क,भोपाल। जलवायु परिवर्तन के कारणों, दुष्प्रभावों और इससे निपटने के उपायों के बारे में जानकारी देने वाली साइंस एक्सप्रेस भोपाल पहुंच चुकी है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की साइंस एक्सप्रेस का हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर राज्य जैव-विविधता बोर्ड के सचिव श्रीनिवास मूर्ति ने फीता काटकर शुभारंभ किया। साइंस एक्सप्रेस विशेष रूप से बनाई गई 16 कोचों की वातानुकूलित ट्रेन पर स्थापित एक मोबाइल प्रदर्शनी है।
गौरतलब है कि साइंस एक्सप्रेस के 16 कोचों में से 8 कोच में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने प्रदर्शनी लगाई है। इसमें जलवायु परिवर्तन के विविध पहलुओं पर जानकारी, विभिन्न समस्याओं को प्रदर्शित किया गया है तथा विषय से संबंधित विज्ञान, जलवायु प्रभाव, समाधान और नीतियों के द्रष्टिकोण को बेहद रोचक और सरल तरह से प्रस्तुत किया गया है। कोच 9 से 11 में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और जैव-प्रौद्योगिकी विभाग ने प्रदर्शनी लगाई है। इसमें भारत में जैव-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे विकास, भारत में विज्ञान शिक्षण इत्यादि विषयों को दर्शाया गया है।
जलवायु परिवर्तन पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इसके प्रभावों का दायरा वैश्विक है परन्तु जलवायु परिवर्तन और इसके प्रभावों के बारे में लोगों को बहुत कम जानकारी एवं समझ है। इसलिए नौवें चरण में साइंस एक्सप्रेस क्लाइमेट एक्शन स्पेशल ट्रेन में जलवायु परिवर्तन से सम्बंधित जानकारियाँ दी गयी हैं। यह ट्रेन 17 फरवरी से 8 सितंबर 2017 तक 68 स्थलों की यात्रा करेगी। प्रत्येक स्थल पर 2- 3 दिन रुकेगी। इस दौरान स्कूलों, कालेजों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं आम लोग इस प्रदर्शनी को देख सकते हैं। यह ट्रेन भारत के विभिन्न राज्यों से होकर मध्यप्रदेश के आमला रेलवे स्टेशन पर 4 से 6 अगस्त तक रुक चुकी है। हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर 7 से 9 अगस्त, बीना रेलवे स्टेशन पर 10 से 12 अगस्त एवं खजुराहो रेलवे स्टेशन पर 13 से 14 अगस्त को रुकेगी।