वरिष्ठ कांग्रेसी एकनाथ गायकवाड का कोरोना से निधन

वरिष्ठ कांग्रेसी एकनाथ गायकवाड का कोरोना से निधन

Anita Peddulwar
Update: 2021-04-28 07:22 GMT
वरिष्ठ कांग्रेसी एकनाथ गायकवाड का कोरोना से निधन

डिजिटल  डेस्क, मुंबई ।  कांग्रेस के पूर्व सांसद और पूर्व मुंबई अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड का बुधवार की सुबह कोरोना से निधन हो गया। एकनाथ गायकवाड महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड के पिता थे।  उनका मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में कोरोना का इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। एकनाथ गायकवाड पूर्व सांसद, मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में जाने जाते थे। महाराष्ट्र में कांग्रेस को आगे ले जाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। गायकवाड का अचानक जाना मुंबई प्रदेश कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है। कांग्रेस सहित तमाम राजनेता उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। एकनाथ गायकवाड़ का पूरा परिवार इस समय अस्पताल में है।  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनके परिवार को सांत्वना देने अस्पताल पहुंच रहे हैं।  

81 वर्षीय गायकवाड पिछले दिनों कोरोना से संक्रमित हो गए थे। 1 जनवरी 1940 को सतारा में जन्मे गायकवाड 1985 में पहली बार मुंबई की धारावी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। वे तीन बार विधायक और दो बार सांसद चुने गए थे। 1999 में राज्यमंत्री भी बने। 2004 में उन्होंने तत्कालिन लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी को लोकसभा चुनाव में पराजित किया था। गायकवाड ने 2009 से 2014 तक मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाली। उनके निधन पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, पीडब्लूडी मंत्री अशोक चव्हाण, विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस व मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह सहित अनेक गणमान्यों ने शोक जताया है।        
 

Tags:    

Similar News