शिवराज सिंह बोले- कांग्रेस सबसे बड़ी कम्युनल पार्टी है

शिवराज सिंह बोले- कांग्रेस सबसे बड़ी कम्युनल पार्टी है

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-25 16:20 GMT
शिवराज सिंह बोले- कांग्रेस सबसे बड़ी कम्युनल पार्टी है

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को सबसे बड़ी कम्युनल पार्टी बताया है। वहीं उन्होंने कांग्रेस के कर्जमाफी के दावे पर भी पलटवार किया है। शिवराज सिंह ने कहा, "राहुल गांधी से अगर कोई कहेगा तो क्या वह आसमान से चांद भी ले आएंगे? वह कुछ भी बोलते रहते हैं।" बता दें कि कांग्रेस ये कहती रही है कि अगर मध्य प्रदेश में उनकी सरकार आई तो किसानों का 10 दिनों में कर्ज माफ कर देंगे।

कांग्रेस को कम्युनल पार्टी बताते हुए शिवराज सिंह ने कहा, "कभी उन्हें मुस्लिमों का वोट चाहिए, कभी वे मंदिर जाने की कोशिश करते हैं। कभी टोटका भी करते हैं। उनके एक नेता नींबू और मिर्च की माला पहनकर घूम रहे हैं। धर्म के आधार पर वोट नहीं लेना चाहिए।" बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह मुस्लिम वोट को लेकर बात करते हुए दिखाए दे रहे थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद बीजेपी ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की थी। इसके अलावा हबीबगंज थाने में भी शिकायत कर कमलनाथ को गिरफ्तार करने की मांग की गई थी। वहीं मप्र में विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत राहुल गांधी ने महाकाल के दर्शन के साथ की थी। इसके अलावा भी वह कई मंदिरों में गए थे।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को 230 विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं। ईवीएम और मतदान से संबंधित अन्य जरूरी चीजों के साथ ही फोर्स, वाहन आदि की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। मध्य प्रदेश में कुल पांच करोड़ तीन लाख 94 हजार 86 मतदाता है जो सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 28 नवंबर को मतदान के बाद ईवीएम मशीनें स्ट्रांग रूम में कैद हो जाएगीं और 11 दिसंबर को प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।

Similar News