पसंदीदा सब्जी न बनाने पर बेटे ने की मां की हत्या

पसंदीदा सब्जी न बनाने पर बेटे ने की मां की हत्या

Anita Peddulwar
Update: 2019-02-04 05:30 GMT
पसंदीदा सब्जी न बनाने पर बेटे ने की मां की हत्या

डिजिटल,नागपुर। पसंदीदा सज्बी नहीं बनाने पर एक कलयुगी पुत्र ने अपनी जन्मदात्री की जान ले ली।  मृतक का नाम ममता सदाशिव हिंगे (60) है। सोनेगांव पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके शराबी बेटे मिलिंद उर्फ  सोनू सदाशिव हिंगे (45) महात्मा फुले झोपड़पट्टी सोमलवाड़ा निवासी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पिता एक कॉलेज में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं।  

नशे में धुत था,  दे मारा कवेलू
सोनू 2 फरवरी को शाम करीब 5 बजे नशे में घर लौटा और मां से बैंगन की सब्जी बनाने की जिद करने लगा। मां ने कहा कि तबीयत ठीक नहीं है।  सब्जी खुद बना ले। इस बात को लेकर सोनू मां से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर मां से मारपीट भी की। इस दौरान उसने कवेलू से हमला कर दिया। इसके बाद मां-बेटे के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज खामोश हो गई। दरअसल, सोनू जाकर सो गया, जबकि मां घायल अवस्था में पड़ी रही। पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने ममता की बहन प्रतिभा चुन्नीलाल कुंभलकर को बताया कि सोनू ने ममता के साथ मारपीट की है। पहले उनके घर से आवाज आ रही थी। दो घंटे से ज्यादा समय हो चुका है, कोई आवाज नहीं आ रही है।  ममता के पति सदाशिव भी ड्यूटी गए हुए हैं।

 पुलिस ने कहा- मुझे क्यों गिरफ्तार कर रहे साहब 
सूत्रों ने बताया कि पुलिस जब सोनू को गिरफ्तार कर थाने ले गई, तब उसने बड़ी ही मासूमियत के साथ पुलिस से पूछा- मुझे क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है साहब। सोनेगांव थाने के पुलिस निरीक्षक अनिल ताकसांडे ने बताया कि उसे पता ही नहीं था कि उसकी मां मर चुकी है। इसके पहले जब पुलिस उसके घर पहुंची तब उसके होश उड़ गए थे। वह समझ गया कि कुछ गड़बड़ है, इसलिए भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। सोनेगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ममता खून से लथपथ फर्श पर पड़ी रही
प्रतिभा कुंभलकर अपनी बहन ममता हिंगे के घर पहुंची। ममता खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। सोनू हिंगे कमरे में सो रहा था। मौसी प्रतिभा ने सोनू को जगाया और पूछा कि तूने मां के साथ मारपीट की है? वह बेहोश हो गई है। उसे अस्पताल ले जाकर दिखा। सोनू अभी भी नशे में था। उसने मां को अस्पताल ले जाने से इनकार कर दिया। इस बीच, ममता की बहन प्रतिभा को समझ में आ गया कि उसकी बहन ममता की मौत हो चुकी है। प्रतिभा ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया। सोनेगांव थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ममता हिंगे को मेडिकल अस्पताल में भर्ती करने के लिए भेजा, लेकिन  मेडिकल अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के दौरान ही ममता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी सोनू हिंग के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच सोनेगांव थाने के उपनिरीक्षक आर. एन. शेजव कर रहे हैं। 

Similar News