अब नहीं दिखेंगे मत, मुंबई से नागपुर पहुंचे आकर्षक बॉक्स

अब नहीं दिखेंगे मत, मुंबई से नागपुर पहुंचे आकर्षक बॉक्स

Anita Peddulwar
Update: 2019-04-01 06:32 GMT
अब नहीं दिखेंगे मत, मुंबई से नागपुर पहुंचे आकर्षक बॉक्स

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वोट किसी को दिखाई न दे, इसलिए ईवीएम के पास लगाए जानेवाले विशेष प्रकार के बॉक्स मुंबई से नागपुर पहुंच गए हैं। चुनाव आयोग ने नागपुर समेत देश भर के लिए पहली बार विशेष प्रकार के बॉक्स मुहैया कराए हैं। इसी तरह मुंबई से रविवार को डमी बैलेट यूनिट भी नागपुर लाए गए हैं। इसके साथ ही चुनाव साम्रगी से भरे ट्रक भी नागपुर पहुंचे। हालांकि चुनावी सामग्री पहुंचने का सिलसिला एक सप्ताह से चल रहा है। 5 अप्रैल तक पूरी सामग्री नागपुर पहुंच जाएगी। 

3 साइड से कवर करने लगेंगे आकर्षक बाक्स

वोटर का वोट किसी को दिखाई न दे, इसलिए पोलिंग बूथ पर ईवीएम के पास अब तक खड्डे वाले बॉक्स लगाए जाते थे। यह बॉक्स ईवीएम को तीन साइड से कवर करता था। पोलिंग बूथ का इंचार्ज अपने स्तर पर इसकी व्यवस्था करता था। खड्डे वालेे ये बॉक्स दिखने में भी अजब-गजब लगते थे। जमाना आधुनिक होने के बावजूद अब तक इसी तरह के खड्डे के बॉक्स ईवीएम को तीन साइड से कवर करने के लिए लगाए जाते थे। भारत चुनाव आयोग ने पहली बार विशेष प्रकार के बॉक्स उपलब्ध कराए हैं। ये बॉक्स भी ईवीएम को तीन साइड से कवर करते हैं। दिखने में बेहद खूबसूरत इस बॉक्स पर निर्वाचन क्षेत्र का नाम, निर्वाचन क्षेत्र का नंबर, पोलिंग स्टेशन का नाम आैर पोलिंग स्टेशन नंबर लिखा रहेगा। बॉक्स की ऊंचाई ढाई फीट है, ताकि वोट की गोपनीयता हर हाल में बनी रहे।

कलेक्टर ने किया निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधीश अश्विन मुदगल ने रविवार को हैदराबाद हाउस स्थित चुनाव सामग्री वितरण कार्यालय व वाहन वितरण सेक्शन का निरीक्षण किया। मुंबई से पहुंची सामग्री के बारे में अधिकारी लीलाधर वार्डेकर से जानकारी ली। विविध विभागों से उपलब्ध हुए वाहनों की भी जानकारी ली गई। खाली समय में ड्राइवरों को बैठने के लिए एक कक्ष भी उपलब्ध कराया गया है। अब तक किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। 

Tags:    

Similar News