इस बार दो दिन रहेगी विजयादशमी, नागपुर में 18 अक्टूबर को होगा रावण दहन

इस बार दो दिन रहेगी विजयादशमी, नागपुर में 18 अक्टूबर को होगा रावण दहन

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-28 05:17 GMT
इस बार दो दिन रहेगी विजयादशमी, नागपुर में 18 अक्टूबर को होगा रावण दहन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व इस बार देश में दो दिन मनाया जाएगा। पंचांगों के अनुसार महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों में 18 अक्टूबर को रावण दहन होगा, तो कई राज्यों में 19 अक्टूबर को रावण का दहन किया जाएगा। श्रवण नक्षत्र 18 अक्टूबर की रात 12-44 को ही खत्म हो जाएगा और रावण दहन इसी नक्षत्र में किया जाता है इसलिए नागपुर में 18 अक्टूबर को ही रावण दहन किया जाएगा।

18 अक्टूबर को दशमी तिथि
पं. गिरधारीलाल पालीवाल के अनुसार महाराष्ट्र के सोलापुर के दाते पंचांग और जयपुर के नीमच पंचांग के अनुसार 18 अक्टूबर को दोपहर 3.15 बजे दशमी तिथि शुरू होगी और श्रवण नक्षत्र दिनभर रहेगा। रावण दहन दशमी और श्रवण नक्षत्र में किया जाता है। श्रवण नक्षत्र 18 अक्टूबर को रात 12.24 बजे ही खत्म हो जाएगा। 19 अक्टूबर को दशमी 6 बजे तक है, लेकिन श्रवण नक्षत्र नहीं रहेगा। दाते पंचांग के अनुसार महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, केरल, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश के भोपाल, उज्जैन, इंदौर, रतलाम, आंध्रप्रदेश के हैदराबाद, निजामाबाद, मेहबूबनगर, तिरुपति, दिल्ली, चंडीगढ़ में 18 अक्टूबर को विजयादशमी है और मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, दमोह, झांसी, ग्वालियर, संपूर्ण उत्तरप्रदेश, बंगाल ओडीशा, आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा, वारंगल, गुंटूर, चेन्नई में 19 अक्टूबर को रावण दहन होगा।

सूर्यास्त के बाद होता है रावण दहन
पं. तिलकराज शर्मा ने कहा कि जालंधर के दिवाकर पंचांग के अनुसार 18 अक्टूबर को रावण दहन होगा, क्योंकि इस दिन शाम 5.29 बजे दशमी शुरू होगी जो 19 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक रहेगी। रावण दहन सूर्यास्त के बाद रात में किया जाता है। 18 अक्टूबर को सूर्यास्त के बाद दशमी तिथि रहेगी जबकि 19 अक्टूबर को शाम 6 बजे दशमी तिथि समाप्त हो जाएगी। शाम 5.7 बजे सूर्यास्त होगा। शहर में रावण दहन का कस्तूरचंद पार्क में सबसे बड़ा आयोजन करने वाली संस्था सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष प्राणनाथ साहनी ने बताया कि 18 अक्टूबर को रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। 

Similar News