दुर्घटना में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

दुर्घटना में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Anita Peddulwar
Update: 2019-02-06 04:53 GMT
दुर्घटना में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

कुमरमभीम,आसिफबाद । एक समारोह से वापस लौट रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।  तेलंगाना खम्मम जिले में नेलकोंडापल्ली के कट्टम्मा चेरुवु के निकट हादसा इतना भीषण था कि  पूरा परिवार मौत के आगोश में समा गया। परिवार के सदस्य  खम्मम जिले के ही एक गांव में  मोटरसाइकिल से  एक समारोह में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहे थे। इस बीच अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।  बुधवार की सुबह दुर्घटना सामने आई। संभवत: देर रात हादसा होने का अंदेशा है।

एक ही बाइक पर सवार थे चार लोग

प्राप्त जानकारी के अनुसार खम्मम जिले के नेलकोंडापल्ली डबल बेडरुम कॉलोनी के रहने वाले वेंकटराव, मां पिचम्मा और बच्चे कोदंडराम और प्रणय मोटरसाइकिल पर समारोह में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहे थे। इस बीच हमेशा यातायात वाले क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।  देर रात होने के कारण घायलों को तुरंत मदद नहीं मिल सकी जिससे एक ही परिवार के चारों सदस्यों  की मौत हो गई।  स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर गंभीर रूप से घायल लोगों को खम्मम के सरकारी अस्पाल में भर्ती किया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से कालोनी में शोक का वातावरण निर्माण हो गया है। 

नहीं होता यातायात नियमों का पालन

बता दें कि इस मार्ग पर देर रात में ग्रेनाइट से भरी लॉरियां अधिक चलती हैं।भारी वाहन रात के समय अंधाधुंध गाड़ियां चलाते हैं जिससे आएदिन इस मार्ग पर हादसे होते रहते हैं। घटना से यातायात नियमों पर भी सवाल उठ रहे हैं।  एक ही बाइक पर चार लोगो को बैठाकर वाहन चलाना वैसे भी नियमों के विरुद्ध है। तेलंगाना में यातायात नियमों की अक्सर धज्जियां उड़ती दिखती है। हेलमेट को लेकर भी यहां का प्रशासन सख्त नहीं हुआ है। प्रशासन की ढुलमुल कार्यप्रणाली के चलते लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करते हैं और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत इस तरह की लापरवाही का जीवंत सबूत है। 

Similar News