हवा की रफ्तार से नागपुर में कड़ाके की ठंड

हवा की रफ्तार से नागपुर में कड़ाके की ठंड

Anita Peddulwar
Update: 2019-01-10 05:06 GMT
हवा की रफ्तार से नागपुर में कड़ाके की ठंड

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी में फिर कड़ाके ठंड महसूस की जा रही है। जनवरी के पहले सप्ताह में कुछ राहत पहुंचाने के बाद फिर एक बार विदर्भ शीतलहर की गिरफ्त में आ गया है। विदर्भ के 11 जिलों में से 7 जिलों में पारा 5 डिग्री या इससे नीचे बना रहा। हवा की गति ने भी रफ्तार पकड़ी है। इससे ठंड की अनुभूति बढ़ी है। मौसम विभाग के अनुसार हवा 3 से 4 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से बह रही है। इससे ठंड वास्तविक तापामान से 2 डिग्री नीचे का अहसास करा रहा है। देर रात से सुबह तक कोहरे का भी असर देखा गया। वैसे तो दिसंबर के आखरी सप्ताह से शहर में शीतलहह बनी हुई है। जनवरी के पहले सप्ताह ठंड से कुछ राहत महसूस की गई लेकिन दो दिनों से पुन: सुबह लोग सर्दी से बचने की कोशिश करते नजर आए।

दो दिनों तक  रहेगा शीतलहर का असर
मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की वादियों तथा तराई में बना हुआ है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार को पश्चिम हिमालय से टकराएगा। इसके चलते 13 जनवरी तक बर्फबारी और वर्षा की संभावना है। इसका असर विदर्भ की ओर आ रही हवाओं पर भी पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि कम से कम अगले दो दिनों तक और विदर्भ शीतलहर की चपेट में बना रहेगा। हवा में गति बनी रहेगी। इससे ठंड और चुभन लोगों को परेशान करेगी। 

न्यूनतम तापमान 7.1
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो विदर्भ व छत्तीसगढ़ में सबसे कम रहा। महाराष्ट्र में जलगांव व नाशिक के बाद तीसरे क्रम पर रिकार्ड किया गया। वहां क्रमश: 6 डिग्री व 6.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। उपराजधानी का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री नीचे रहा। आर्द्रता अधिकतम 81 तथा न्यूनतम 50 प्रतिशत रही। 

Similar News