दस पुलिस उपायुक्तों के तबादले तीन दिन बाद रद्द

दस पुलिस उपायुक्तों के तबादले तीन दिन बाद रद्द

Anita Peddulwar
Update: 2020-07-06 06:58 GMT
दस पुलिस उपायुक्तों के तबादले तीन दिन बाद रद्द

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई पुलिस आयुक्त द्वारा महानगर में तैनात 10 उपायुक्तों के तबादले के फैसले को राज्य सरकार ने पलट दिया है। 2 जुलाई को ये तबादले किए गए थे।गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और मेरे कार्यालय ने आदेश रद्द करने का फैसला किया है। इसके साथ ही देशमुख ने सफाई दी कि कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना की सरकार में पूरा समन्वय है। किसी तरह का मतभेद नहीं है।  लेकिन सरकार के इस फैसले को लेकर सवाल उठने लगे हैं  विपक्ष के साथ साथ कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने भी इस पर सवाल उठाए। निरुपम ने ट्वीट कर लिखा कि गृह मंत्रालय ने 2 जुलाई को 10 डीसीपी के ट्रांसफर किए थे। आज रद्द कर दिए क्यों ? , कोई कारण नहीं बताया गया। तबादले की गहमागहमी के बीच रविवार शाम मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से किनारा कर वे बिना बात किए ही निकल गए।  वहीं भाजपा नेता किरीट सोमैया ने भी पुलिसवालों के तबादले रद्द करने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं।

यह है मामला
मुंबई में कोरोना  संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच महानगर में तैनात 10 पुलिस उपायुक्तों का गुरुवार को तबादला कर दिया गया था। लेकिन रविवार को अचानक सरकार ने मुंबई पुलिस आयुक्त का फैसला  रद्द कर दिया।  रविवार को जारी आदेश के मुताबिक डीसीपी नियति ठाकेर (जोन 5) और अभिनाश कुमार (जोन 3) की केंद्र में प्रतिनियुक्तियों के चलते खाली हुई जगहों की अतिरिक्त जिम्मेदारी  डीसीपी (अभियान) प्रणय अशोक और डीसीपी एन अंबिका (हेडक्वॉर्टर) को सौंपी गई है। पहले दोनों का इस पद पर तबादला किया गया था। इसके अलावा सभी तबादले रद्द कर दिए गए हैं। 

 

Tags:    

Similar News